Headlines

जालौन में मंगलसूत्र लूटने वाले बदमाश से पुलिस की मुठभेड़:पैर में लगी गोली, गिरफ्तार आरोपी से बाइक और छीना गया मंगलसूत्र बरामद




जालौन में रक्षाबंधन के दिन बीच बाजार महिला का मंगलसूत्र छीनकर फरार हुए बदमाश से मंगलवार रात उरई कोतवाली पुलिस की मुठभेड़ हो गई। फैक्ट्री चौकी क्षेत्र के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरमान खान निवासी कोंच के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, मोटरसाइकिल और महिला से छीना गया मंगलसूत्र बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रक्षाबंधन के दिन महिला से स्नैचिंग करने वाला आरोपी किसी अन्य वारदात की फिराक में फैक्ट्री चौकी क्षेत्र के आसपास घूम रहा है। सूचना के बाद उरई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को बाइक सवार एक संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब दो राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी में बरामद हुआ छीना गया मंगलसूत्र पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा और बाइक बरामद हुई। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से वह मंगलसूत्र भी बरामद किया गया, जिसे उसने रक्षाबंधन के दिन महिला से बीच बाजार छीना था। पुलिस का कहना है कि आरोपी बाइक से महिला को निशाना बनाकर वारदात के बाद फरार हो गया था। ASP ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण मुठभेड़ की सूचना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले कितनी स्नैचिंग या अन्य वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही बरामद बाइक और तमंचे के बारे में भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी के संभावित साथियों और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *