Headlines

जोधपुर में दोस्त की हत्या की, घर जाकर सो गए:दो आरोपियों ने पत्थरों से हमला कर गला घोंटा; भागने से पहले पुलिस ने किया गिरफ्तार




जोधपुर में दोस्त की पत्थरों से हत्या कर दो आरोपी घर जाकर सो गए। इसके बाद भागने की फिराक में थे। इससे पहले पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह मामला बासनी औद्योगिक थाना क्षेत्र का है। श्रमिक कॉलोनी में खाटेड फैब्रिक्स फैक्टरी के सामने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे एक युवक का शव मिला था। थाना अधिकारी नितिन दवे ने बताया- युवक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और खून बह रहा था। पुलिस ने जांच शुरू की तो धर्मेंद्र कुमार सिंह (40) पुत्र सुधन प्रसाद निवासी जागिरी टोला गोपालगंज बिहार हाल निवासी श्रमिक कॉलोनी के रूप में मृतक की पहचान हुई। पुलिस ने फील्ड इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपी चंदन कुमार (19) पुत्र महावीर सिंह निवासी संदेश भोजपुर-आरा बिहार और गोविंदा कुमार (22) पुत्र रणजीत भारती निवासी मरदह गाजीपुर उत्तर प्रदेश को रविवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी यूपी और बिहार भागने की फिराक में थे। दोनों आरोपियों ने पत्थरों से हमला कर और गला घोंटकर साथी मजदूर धर्मेंद्र कुमार की हत्या कर दी थी। शराब पीने के बाद कहासुनी को लेकर किया हमला थाना अधिकारी नितिन दवे ने बताया- पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें दो संदिग्ध घूमते नजर आए। हुलिए के आधार पर बासनी थाना पुलिस ने इलाके की फैक्ट्रियों और कॉलोनियों में दबिश दी और दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि धर्मेंद्र और दोनों आरोपी चंदन-गोविंदा ने एक साथ बैठकर शनिवार रात शराब पी थी। नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद गुस्से में आकर चंदन और गोविंदा ने धर्मेंद्र के सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला किया और गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद दोनों कमरे में जाकर सो गए और सुबह गांव भागने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते दबोच लिया। बासनी थाने के एएसआई भूपेंद्र सिंह और कॉन्स्टेबल दिनेश नायल की टीम ने महज 6 घंटे में इस ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश करने में अहम भूमिका निभाई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *