Headlines

ज्ञान भारतम् मिशन में राजस्थान ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड:दीया कुमारी बोलीं- सर्वाधिक पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण में बना अग्रणी राज्य




ज्ञान भारतम् मिशन के तहत भारत की प्राचीन ज्ञान-संपदा के संरक्षण और डिजिटलीकरण के राष्ट्रीय अभियान में राजस्थान ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बताया कि देशभर में सर्वाधिक पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण का योगदान राजस्थान से हो रहा है, जो राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इसे जनभागीदारी, संस्थागत सहयोग और समर्पित प्रयासों का परिणाम बताया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और प्रेरणा को जाता है, जिनके नेतृत्व में भारत की अमूल्य ज्ञान-संपदा के संरक्षण का यह ऐतिहासिक अभियान शुरू किया गया। उन्होंने संस्कृति मंत्रालय और ज्ञान भारतम् मिशन की पूरी टीम के मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग की भी सराहना की। दीया कुमारी ने पांडुलिपि संरक्षकों, विभिन्न भंडारों, मंदिरों, मठों, पुस्तकालयों, शोध संस्थानों, शिक्षण संस्थाओं, स्वयंसेवकों और समाज के सभी सहयोगी व्यक्तियों और संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी ने इस अभियान को अपना मिशन मानकर सक्रिय भागीदारी निभाई है। उनके सामूहिक प्रयासों से राजस्थान की बिखरी हुई ज्ञान-संपदा को संरक्षित करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य राजस्थान की प्राचीन पांडुलिपियों और सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय डिजिटल रिपॉजिटरी से जोड़ना है, ताकि यह अमूल्य विरासत सुरक्षित रहे और आने वाली पीढ़ियों के लिए सहज रूप से उपलब्ध हो सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञान भारतम् मिशन के माध्यम से राजस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *