![]()
भिंड शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरिया इलाके में शुक्रवार देर शाम 38 वर्षीय एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बदमाशों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोग बचाने पहुंचे तो आरोपी कट्टे से फायरिंग करते हुए दहशत फैलाकर मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, बजरिया निवासी समीर (38) शुक्रवार शाम अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे 4 से 5 लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने धारदार हथियार से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने कट्टे से फायरिंग कर लोगों में दहशत फैला दी और मौके से फरार हो गए। रंजिश के चलते विवाद की बात सामने आई
घायल समीर को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों ने बताया कि समीर का कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा है। हालांकि विवाद किस बात को लेकर था, इसकी जानकारी उन्होंने नहीं दी। उनका कहना है कि इसी रंजिश के चलते हमला किया गया है। घटना के बाद परिजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत की। कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि फरियादी पक्ष से शिकायत आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। हमला किन लोगों ने और किस कारण किया, इसकी पड़ताल की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की थी।
Source link
भिंड में घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला:लाठी-डंडे और धारदार हथियार से सिर पर वार; फायरिंग कर बदमाश फरार
