![]()
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार की सुबह तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद अहमद हसन नदीमुल हक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में ईडी की टीम ने रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उर्दू समाचार पत्र अखबार-ए-मशरीक के दफ्तर पर दबिश दी। यह ठिकाना सीधे तौर पर राज्यसभा सांसद से जुड़ा बताया जा रहा है। कई घंटे तक यहां चले सघन तलाशी अभियान के बाद टीम रवाना हो गई।
कोलकाता में दर्ज ईसीआईआर के आधार पर हुई इस संयुक्त कार्रवाई में ईडी रांची की टीम ने भी सहयोग किया। रांची के अलावा कोलकाता और दिल्ली समेत करीब आठ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। वित्तीय अनियमितता व धोखाधड़ी का आरोप, ईडी ने ईसीआईआर दर्ज किया पूरा मामला अखबार के संचालन में कथित वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी से जुड़ा है। सांसद अहमद हसन नदीमुल हक इस न्यूज पेपर से प्रत्यक्ष रूप से संबद्ध हैं। उन पर पिछले महीने वित्तीय अनियमितता व धोखाधड़ी के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद ईडी ने ईसीआईआर दर्ज करते हुए मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मामले को जांच में लिया। कार्रवाई के तहत कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में स्थित सांसद के आवास, कार्यालय व अन्य परिसरों पर भी जांच एजेंसी ने दबिश दी। रांची के फंड का इस्तेमाल मनी ट्रेल में तो नहीं, इसलिए छापा टीएमसी सांसद नदीमुल हक के रांची में कोकर स्थित दफ्तर पर ईडी की दबिश महज एक अखबार के कामकाज की सामान्य जांच नहीं, बल्कि एक बड़े वित्तीय नेटवर्क की पड़ताल है। रांची यूनिट से जब्त डिजिटल रिकॉर्ड और बिलिंग के जरिए एजेंसी यह पता लगा रही है कि झारखंड के फंड और विज्ञापनों का इस्तेमाल मनी ट्रेल को आगे बढ़ाने में तो नहीं हुआ। इस पूरे केस की जड़ केंद्र की पहल नहीं, बल्कि बंगाल की बिधाननगर पुलिस द्वारा दर्ज वह एफआईआर है, जिसमें सांप्रदायिक सामग्री के साथ संदिग्ध लेन-देन की धाराएं लगाई गई थीं।
Source link
टीएमसी सांसद नदीमुल के 8 ठिकानों पर ईडी का छापा:जांच एजेंसी को मनी ट्रेल का शक, कोकर में उर्दू न्यूज पेपर का दफ्तर खंगाला
