Headlines

टीएसपीसी का सक्रिय उग्रवादी देसी लोडेड बंदूक के साथ गिरफ्तार:पांच आपराधिक मामले हैं दर्ज, लेवी वसूलने का करता था काम




लातेहार पुलिस ने टीएसपीसी के एक सक्रिय उग्रवादी रोहन गंझू को गिरफ्तार किया है। उसे बालूमाथ थाना क्षेत्र के बरवाटोली, भगिया के पास से देसी हथियार के साथ पकड़ा गया। मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरवाटोली भगिया निवासी रोहन गंझू के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम करम गंझू है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देसी बंदूक बरामद की है। बालूमाथ एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि टीएसपीसी का एक उग्रवादी अपने घर बरवाटोली आया हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद एक पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने इलाके की घेराबंदी की और रोहन गंझू को हथियार के साथ पकड़ लिया। एसडीपीओ ने बताया कि रोहन गंझू पहले से आपराधिक कामों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ बालूमाथ, चंदवा, बारियातू, चतरा और टंडवा थाना क्षेत्रों में कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, रोहन गंझू टीएसपीसी के आदेश गंझू के कहने पर लेवी वसूलने का काम करता था। इससे पहले भी बालूमाथ क्षेत्र में टीएसपीसी के तीन उग्रवादी पकड़े जा चुके हैं। 11 फरवरी 2026 को हुई इस कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी टीएसपीसी उग्रवादी आदेश गंझू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उन्हें बालूमाथ के बनवार गांव स्थित पकरुवा जंगल से पकड़ा था। उनके पास से देसी पिस्तौल, देसी कट्टा, 35 जिंदा गोलियां और टीएसपीसी के पर्चे समेत कई सामान बरामद हुए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *