![]()
फरीदाबाद जिले के शाहुपुरा गांव में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर चल रहे विवाद ने अब मारपीट का रूप ले लिया है। आरोप है कि इसी रंजिश में ट्यूशन से घर लौट रहे दो स्कूली छात्रों को तिगांव कट के पास बाईपास रोड पर नकाबपोश युवकों ने घेर लिया और डंडों से जमकर पीटा। कार में सवार होकर आए तीनों युवकों ने पहले बाइक का रास्ता रोका और इसके बाद छात्रों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों छात्र चोटिल हो गए। किसी तरह वहां से बचकर दोनों सेक्टर-7 स्थित अपने ट्यूशन सेंटर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। गली में कुत्तों को खाना खिलाने पर विवाद शाहुपुरा निवासी महेंद्र ने बताया कि उनके घर के पास ही रहने वाली पूजा नाम की महिला गली में घूमने वाले आवारा कुत्तों को अपने घर के बाहर खाना खिलाती है। उनका आरोप है कि खाना मिलने के कारण कई आवारा कुत्ते उसके घर के आसपास ही जमा रहते हैं। इन कुत्तों के कारण गली से आने-जाने वाले छोटे बच्चों को परेशानी होती है। महेंद्र का कहना है कि कुछ बच्चों पर कुत्ते हमला कर चुके हैं और उन्हें काट भी चुके हैं। इसी को लेकर उनके परिवार और महिला के परिवार के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। 11 सितंबर को पुलिस को दी थी शिकायत महेंद्र के अनुसार, कुत्तों को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने 11 सितंबर को सदर थाना पुलिस को शिकायत दी थी। परिवार का आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश रखते हुए उनके बच्चों को निशाना बनाया गया। उनका कहना है कि हमलावरों ने जिस तरह रास्ता रोककर दोनों छात्रों पर हमला किया, उससे उन्हें शक है कि यह हमला पहले से सुनियोजित था। परिजनों ने पुलिस से हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ट्यूशन से लौटते समय कार ने रोका रास्ता महेंद्र ने बताया कि उनका बेटा जतिन 12वीं कक्षा और हितेश 11वीं कक्षा का छात्र है। दोनों रोजाना की तरह सेक्टर-7 में ट्यूशन पढ़ने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे तिगांव कट के पास बाईपास रोड पर पहुंचे तो एक कार ने उनकी बाइक का रास्ता रोक लिया। इसके बाद कार से तीन युवक बाहर निकले। तीनों ने अपने चेहरे ढक रखे थे और उनके हाथों में डंडे थे। आरोप है कि युवकों ने दोनों छात्रों को घेरकर डंडों से पीटना शुरू कर दिया। जान बचाकर वापस ट्यूशन सेंटर पहुंचे अचानक हुए हमले से दोनों छात्र घबरा गए। उन्होंने किसी तरह हमलावरों से बचकर वहां से निकलने की कोशिश की और वापस सेक्टर-7 स्थित ट्यूशन सेंटर पहुंच गए। वहां पहुंचकर दोनों ने फोन के माध्यम से अपने परिवार को घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद परिजन दोनों छात्रों को सरकारी अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में कराया इलाज, एमएलआर भी कटवाई सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों छात्रों का इलाज किया। परिजनों के अनुसार, मारपीट में दोनों को चोटें आई हैं। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और एमएलआर भी कटवाई गई। परिवार का कहना है कि बच्चों पर हमला होने के बाद वे काफी डरे हुए हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। हालांकि परिवार के द्वारा अभी पुलिस को शिकायत नही दी है। परिवार का कहना है कि आज वह शिकायत देंगे। लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई अग्रसेन पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि छात्रों के साथ मारपीट की घटना की जानकारी पुलिस के पास पहुंची है। पुलिस ने बच्चों का मेडिकल करा दिया है। पुलिस आस-पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
ट्यूशन से लौट रहे दो छात्रों को डंडों से पीटा:फरीदाबाद में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने पर विवाद; नकाबपोशों ने घेरी बाइक
