Headlines

ट्रांसफार्मर जला तो महिलाओं का काम ठप:बिलासपुर जनदर्शन में स्कूल, पुलिया, मुआवजे और पेंशन के मामले पहुंचे,घटिया यूरिया की भी शिकायत




बिलासपुर में मल्टी एक्टिविटी सेंटर गनियारी का ट्रांसफार्मर जलने से वहां कामकाज ठप हो गया है। मशीनें बंद होने के कारण महिलाओं को मिले ऑर्डर समय पर पूरे करने में परेशानी हो रही है। मंगलवार को नारी शक्ति समिति गनियारी की महिलाएं इस समस्या को लेकर जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल से मिलीं और नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। कलेक्टर ने जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और ज्यादातर मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी और ज्योति पटेल ने भी लोगों की शिकायतें सुनीं। ट्रांसफार्मर खराब होने से मशीनें बंद मल्टी एक्टिविटी सेंटर नारी शक्ति समिति की अध्यक्ष रागिनी पाण्डेय और अन्य महिलाओं ने ज्ञापन देकर बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद सेंटर के मशीनी उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। इससे उन्हें मिले काम समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं और आर्थिक नुकसान की स्थिति बन रही है। महिलाओं ने सेंटर में नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की, ताकि काम दोबारा शुरू हो सके। स्कूल भवन की मरम्मत और पुलिया की मांग कोटा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला भेलवापारा के प्रधान पाठक और ग्रामीणों ने स्कूल भवन की मरम्मत कराने की मांग की। वहीं ग्राम पंचायत धूमा के किसानों ने पैठू तालाब के पास मेन नहर में पुलिया बनाने की मांग रखी। ग्रामीणों के अनुसार, इस रास्ते का इस्तेमाल आवागमन के साथ खेती के लिए खाद-बीज लाने-ले जाने में किया जाता है। पुलिया नहीं होने से किसानों को परेशानी होती है। उन्होंने क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए नई पुलिया निर्माण की मंजूरी देने का आग्रह किया। किसान ने की घटिया यूरिया की शिकायत बिल्हा नगर पंचायत क्षेत्र के रविशंकर शर्मा ने ग्राम देवकिरारी में कृषि भूमि पर इस्तेमाल किए गए यूरिया की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की। उनका कहना है कि खाद से अपेक्षित लाभ नहीं मिला और उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने खाद की गुणवत्ता की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार के आदेश के बाद भी नहीं हुआ सीमांकन कुदुदंड निवासी राधेश्याम सूर्यवंशी ने सीमांकन में हो रही देरी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि सीमांकन के लिए पूर्व में तहसीलदार का आदेश हो चुका है, लेकिन लंबे समय बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। आवेदक के मुताबिक पटवारी और राजस्व निरीक्षक से संपर्क करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने जल्द सीमांकन कराने की मांग की। डूबने से मौत पर राहत राशि और अधिग्रहित जमीन के मुआवजे की मांग सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम सकर्रा निवासी जानकी शर्मा ने अपने पुत्र की तालाब में डूबने से हुई मौत के मामले में राज्य आपदा राहत कोष के तहत नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग की। वहीं सकरी क्षेत्र के दरसराम पनिक ने एनएचएआई द्वारा सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग की। उनका आरोप है कि उनकी निजी जमीन पर उचित सूचना दिए बिना सड़क निर्माण कराया गया। उन्होंने बताया कि जमीन का सीमांकन पहले ही हो चुका है और सड़क निर्माण में उनकी निजी भूमि का उपयोग हुआ है। 8-9 महीने से बंद है निराश्रित पेंशन टिकरापारा निवासी ओमप्रकाश सोनी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत निराश्रित पेंशन दोबारा शुरू कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि शारीरिक दिव्यांगता के कारण उन्हें चलने-फिरने और काम करने में कठिनाई होती है। उनके अनुसार, नगर निगम ने उन्हें निराश्रित परिचय पत्र जारी किया था और इसी आधार पर पेंशन मिल रही थी, लेकिन पिछले करीब 8-9 महीने से पेंशन का भुगतान बंद है। उन्होंने पेंशन दोबारा शुरू कराने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *