![]()
बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 45 वर्षीय ओमप्रकाश प्रजापति की मौत हो गई। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश का जिला अस्पताल बेमेतरा में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश प्रजापति का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद शिव श्रीवास, रोशन श्रीवास, सोमनाथ श्रीवास और दीपक श्रीवास समेत अन्य लोगों ने बबूल और बांस के डंडे से ओमप्रकाश के साथ मारपीट की। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। मारपीट में गंभीर घायल ओमप्रकाश ने तोड़ा दम परिजनों के मुताबिक, ओमप्रकाश को पहले साजा अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बेमेतरा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की मां कौशल्या प्रजापति ने बताया कि ओमप्रकाश दुकान से मंजन लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुत्ते को लेकर कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। मां का आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग घर से निकलकर आए और ओमप्रकाश के साथ मारपीट की। गांव में पुलिस बल तैनात घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, घटना में शामिल बताए जा रहे आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं, मृतक के पुत्र डोगेंद्र प्रजापति ने परिवार के लिए मुआवजे के साथ नौकरी की मांग की है। मृतक के परिवार में बेटियां और एक बेटा होने की जानकारी है।
Source link
डंडे से हमला कर युवक को किया घायल,अस्पताल में मौत:साजा के बोरतरा में पुराने विवाद में डंडों से पीटा, गांव में पुलिस बल तैनात
