Headlines

तरनतारन में खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे:खाद्य सुरक्षा के लिए विशेष अभियान जारी; जिला स्वास्थ्य अधिकारी बोलीं-क्वालिटी से समझौता नहीं




तरनतारन जिले में त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा के लिए एक खास अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री कंवलप्रीत बराड़ और डिप्टी कमिश्नर राहुल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग लगातार जांच कर रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखबीर कौर की टीम ने 4 और 5 अक्टूबर को हरिके, फतेहाबाद और गोइंदवाल साहिब में कई इकाइयों और खाद्य वाहन चेक किए। जांच के लिए दूध, पनीर, दही, रस्क और कॉर्नफ्लेक्स के 7 सैंपल खरड़ लैब भेजे गए हैं। इस दौरान टीम ने 2 सुधार नोटिस जारी किए और 3 किलोग्राम खराब पेठा नष्ट किया। मिठाई बनाने वाले सभी कारोबारियों को सिर्फ भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण से मंजूर रंगों का इस्तेमाल करने को कहा गया। उन्हें साफ-सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा रजिस्ट्रेशन करवाने के निर्देश भी दिए गए। डॉ. सुखबीर कौर ने लोगों से ताज़ा और अच्छी तरह पका हुआ खाना खाने की अपील की। उन्होंने बासी या खुले खाने से बचने, साफ पानी पीने और फल-सब्जियों को धोकर इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को फ्रिज में रखा जाए तथा उन्हें लंबे समय तक कमरे के तापमान पर न रखा जाए। लोगों को खाद्य पदार्थ केवल लाइसेंस प्राप्त एवं साफ-सुथरे प्रतिष्ठानों से ही खरीदने की सलाह दी गई। खाद्य पदार्थों को स्वच्छ रखने के निर्देश इसके अलावा खाद्य पदार्थों को धूल, कीड़े-मकौड़ों और चूहों से सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए। खाद्य कारोबारियों को कैफीनयुक्त पेय पदार्थों पर आवश्यक चेतावनी दर्ज करने तथा भ्रामक लेबल वाले उत्पादों के इस्तेमाल से परहेज करने के लिए कहा गया। खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करें डॉ. सुखबीर कौर ने कहा कि त्योहारों के सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बावजूद गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन मौसमी बीमारियों से बचाव तथा लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी नागरिकों और खाद्य कारोबारियों से त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के लिए सहयोग करने की अपील की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *