![]()
शिमला जिले में जिला स्तरीय दशहरा मेले के आयोजन को लेकर बुधवार को रामपुर में मेला समिति की बैठक हुई। बुधवार की दोपहर 2 बजे हुई बैठक की अध्यक्षता नायब तहसीलदार सुरेश नेगी ने की। इसमें शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिले के देवी-देवताओं की मंदिर समितियों के मोहतमीन और पंचायत प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में मेले में पहुंचने वाले देवी-देवताओं को 20 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक पहुंचने को कहा गया। मंदिर समिति ने देव समाज के प्रतिनिधियों से कहा कि पिछले सालों में कई देवी-देवता तय समय के बाद पहुंचे थे। इससे व्यवस्था बनाने में दिक्कतें आई थीं। नायब तहसीलदार सुरेश नेगी ने कहा कि सभी देवताओं को 2 बजे आना जरूरी होगा, ताकि वे भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा में शामिल होकर मेले की शोभा बढ़ा सकें। सभी देवताओं को दी जाएगी सही जगह : नायब तहसीलदार उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले सभी देवताओं को मेला कमेटी की ओर से सही जगह दी जाएगी। सभी व्यवस्थाएं भी बनाए रखी जाएंगी। यह चार दिवसीय मेला नलाटी स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं, बैठक में पहुंचे मंदिर कमेटियों के मोहतमीनों ने मेला कमेटी से पिछले सालों की खराब व्यवस्थाओं को सुधारने की मांग की। मंदिर कमेटियों ने देवताओं की नजराना राशि बढ़ाने, रहने के लिए अच्छी जगह, राशन की सप्लाई और शौचालय की व्यवस्था करने की मांग उठाई। बैठक में मेले में देवताओं के साथ पहुंचने वाले देवलुओं की संख्या के बारे में भी जानकारी दी गई। इससे मेले के दौरान सभी के ठहरने की सही व्यवस्था की जा सकेगी। इसके अलावा, जन प्रतिनिधियों ने मेले से पहले ज्यूरी-नानण सड़क की हालत सुधारने और मुख्य ज्यूरी-सराहन सड़क पर लगे मिट्टी के ढेर हटाने की मांग की। ताकि मेले के दौरान यातायात की दिक्कत न हो। देव परंपरा के नियम बनाए रखने के निर्देश नायब तहसीलदार सुरेश नेगी ने मंदिर समितियों से देव परंपरा के नियम बनाए रखने, मेले के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को कहा। उन्होंने मेले की शोभा बढ़ाने के लिए पारंपरिक वेशभूषा पहनने का भी आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मंदिर समितियों की ओर से दिए गए सुझाव और शिकायतों को मेला कमेटी अध्यक्ष और एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह के सामने रखा जाएगा। इस मौके पर नायब तहसीलदार सराहन प्रेम नेगी, सराहन पंचायत प्रधान सोहन पांटू, ज्यूरी पंचायत प्रधान राजकांता, बौंडा पंचायत प्रधान गोपू राम सहित विभिन्न मंदिर कमेटियों और पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Source link
दशहरा मेले में देवताओं की नजराना राशि बढ़ाने की मांग:व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर, रामपुर में मेला समिति की बैठक में उठे मुद्दे
