![]()
शुक्रवार को रोहाना कलां और आसपास के क्षेत्र के लोगों को लंबे इंतजार के बाद बड़ी रेल सौगात मिली है। दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर आज से ठहराव शुरू हो गया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और सांसद चंदन चौहान द्वारा पहली बार ट्रेन के स्टेशन पर रुकने के मौके पर ट्रेन के लोको पायलट का जोरदार स्वागत किया। क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिक इस ऐतिहासिक मौके के गवाह बने। शुक्रवार को ट्रेन अपने निर्धारित समय 11:26 मिनट पर पहुंची। पहली बार रोहाना कलां स्टेशन पहुंचते ही माहौल उत्साह से भर गया। ढोल नगाड़ों के बीच सांसद चंदन चौहान और मंत्री अनिल कुमार ने ट्रेन के लोको पायलट का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें मिठाई खिलाई। स्थानीय नागरिकों ने भी ट्रेन के ठहराव को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई। रोहाना कलां स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। दिल्ली और हरिद्वार की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को अब यहां से सीधी रेल सुविधा का लाभ मिल सकेगा। नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और अन्य जरूरी कामों के लिए इन शहरों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होने की उम्मीद है। इस रेल सुविधा को हासिल करने के पीछे बिजनौर सांसद चंदन चौहान के लगातार प्रयासों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों की मांग को सांसद ने संसद में उठाने के साथ रेलवे मंत्रालय के स्तर पर भी लगातार पैरवी की थी। कई बैठकों और प्रयासों के बाद अब रोहाना कलां स्टेशन पर दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया है। पहले ठहराव का कार्यक्रम केवल स्वागत तक सीमित नहीं रहा। ट्रेन के रवाना होने के बाद सांसद, मंत्री और उनकी पूरी टीम इसी ट्रेन में सवार होकर यात्रियों के साथ मुज़फ़्फ़रनगर तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में मौजूद राहगीरों और यात्रियों से बातचीत की तथा नई रेल सुविधा को लेकर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी। रोहाना कलां स्टेशन पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में आता है और बिजनौर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। ऐसे में इस ठहराव का लाभ रोहाना कलां के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को भी मिलने की उम्मीद है।
Source link
दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन का रोहाना कलां में स्टॉपेज:ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत, ट्रेन और लोको पायलट पर की गई पुष्पवर्षा
