Headlines

दो बेटों को बचाने में पिता की हुई मौत:पश्चिमी सिंहभूम की कारो नदी में डूबने से हुआ हादसा, बेटों के साथ नहाने के लिए गए थे




पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति की कारो नदी में डूबने से मौत हो गई। दामु हेंब्रम नामक यह व्यक्ति अपने दो बेटों को नदी में डूबने से बचाने के प्रयास में खुद तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। इस घटना से गुवा क्षेत्र में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दामु हेंब्रम शुक्रवार सुबह अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में नहाने गए थे। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर सामान्य से काफी अधिक था और बहाव भी तेज था। नहाने के दौरान अचानक दोनों बच्चे गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए दामु हेंब्रम तुरंत नदी में कूद पड़े। उन्होंने दोनों बेटों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन स्वयं तेज बहाव में फंस गए। काफी प्रयास के बावजूद वह नदी से बाहर नहीं निकल सके और डूब गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण और आसपास मौजूद लोग तुरंत नदी में उतरे। काफी मशक्कत के बाद दामु हेंब्रम को बाहर निकालकर गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल, चाईबासा भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। उनके निधन से परिवार में गहरा दुख है। पूरे गुवा क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों और जलाशयों से दूर रहने तथा पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *