Headlines

नकोदर में बिजली कटौती के खिलाफ किसानों ने दिया धरना:गुरप्रताप वडाला बोले- अब घोषणाएं नहीं, निर्बाध बिजली चाहिए




जालंधर के नकोदर में लंबे बिजली कटों और अनियमित आपूर्ति के खिलाफ धरना दिया गया। इसमें किसान, उद्योगपति, घरेलू उपभोक्ता और आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने पंजाब सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। वरिष्ठ नेता गुरप्रताप वडाला के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सरकार से निर्बाध बिजली आपूर्ति, सही बिलिंग और बिजली व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ घोषणाएं नहीं, जमीनी स्तर पर काम चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि धान के सीजन और कमजोर मानसून के कारण किसानों को नलकूपों के लिए लगातार बिजली की जरूरत है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सरकार दिन के समय किसानों को 8 घंटे निर्बाध बिजली देने का अपना वादा तुरंत पूरा करे। बिजली न मिलने से किसानों को ट्यूबवेल चलाने के लिए डीजल पर ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। इससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े चार साल में सरकार बिजली की बढ़ती मांग के हिसाब से उत्पादन बढ़ाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में नाकाम रही है। इस संकट से निकलने के लिए सरकार तुरंत एक मजबूत और लंबे समय का पावर प्लान सार्वजनिक करे। धरने में मुफ्त बिजली योजना के लागू होने पर भी सवाल उठाए गए। मांग की गई कि योजना की पारदर्शी समीक्षा हो। इससे इसका लाभ सिर्फ असली और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचेगा और गलत लोगों को इसका फायदा नहीं मिलेगा। उपभोक्ताओं को 4-5 महीनों के बिजली बिल एक साथ भेजने की प्रथा तुरंत बंद होनी चाहिए। इससे परिवारों पर अचानक बड़ा आर्थिक बोझ पड़ता है। हर महीने नियमित और सही बिल जारी किए जाएं। अनियमित बिजली से राज्य के औद्योगिक उत्पादन, व्यापार और रोजगार पर सीधा असर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अघोषित बिजली कटों के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय हो। साथ ही, तकनीकी खराबी और शिकायतों के निपटारे के लिए समय पर काम करने वाली प्रणाली लागू की जाए। धरने के आखिर में चेतावनी दी गई कि साढ़े चार साल के वादों के बाद जनता अब खोखले दावों से संतुष्ट नहीं होगी। पंजाब को अब भाषण नहीं, बल्कि भरोसेमंद बिजली आपूर्ति, सही बिल और जिम्मेदार प्रशासन चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *