![]()
नवादा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल में सक्रिय दलालों पर जांच के नाम पर 2000 रुपए लेने और मरीज की मौत का आरोप लगाया है। मृतक के परिजन के अनुसार, बुखार से पीड़ित मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खुद को अस्पतालकर्मी बताकर जांच के नाम पर 2000 रुपए ले लिए। परिजनों का आरोप है कि बाद में उसने और जांचों के लिए अतिरिक्त पैसों की मांग की। जब परिजन पैसे लाने गए, उसी दौरान मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान डोभर निवासी करू चौधरी के 26 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। प्रदीप को सुबह 6 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था और दो घंटे के भीतर ही उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई हंगामे की सूचना पर अस्पताल प्रबंधक कुमार आदित्य ने बताया कि मरीज को डॉक्टर मनोज कुमार द्वारा रेफर भी किया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि परिजनों के आरोपों की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नवादा सदर अस्पताल में दलालों की सक्रियता की यह पहली घटना नहीं है। पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में दलालों के हौसले बुलंद हैं। घटना के बाद कई कर्मचारी अपनी ड्यूटी से हट गए थे।
Source link
नवादा सदर अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा:दलाल ने जांच के नाम पर लिया 2000 रुपए, अस्पताल प्रबंधक ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
