Headlines

नारनौल में आवास फाइनेंस कंपनी से 9.34 लाख की धोखाधड़ी:राजस्थान की कंपनी, आर्थिक अपराध शाखा ने की जांच, दंपती और इंडसइंड बैंक पर केस




हरियाणा के नारनौल में आवास फाइनेंस कंपनी से 9 लाख 34 हजार 714 रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में नारनौल शहर थाना पुलिस ने दंपती और एक बैंक शाखा के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत आवास फाइनेंस लिमिटेड की नारनौल शाखा के मैनेजर नवल कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दी थी। शिकायत के आधार पर जांच के बाद पुलिस ने BNS की धारा 61(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। 2025 में हुआ लोन मंजूर शिकायत के अनुसार गांव जाटवास निवासी गीतांजली और उसके पति चरण सिंह ने कंपनी से संपर्क कर बताया था कि उन्होंने इंडिया शेल्टर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड, नीमकाथाना से आवास ऋण लिया हुआ है। वे इस लोन को BT (बैलेंस ट्रांसफर) के माध्यम से आवास फाइनेंस कंपनी में स्थानांतरित करवाना चाहते थे। इसके बाद जनवरी 2025 में उनका लोन मंजूर किया गया। दी गई हिदायतें कंपनी का आरोप है कि 28 जनवरी 2025 को 9,34,714 रुपये का लोन मंजूर कर चेक नंबर 978957 इंडिया शेल्टर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड, नीमकाथाना के नाम जारी किया गया। चेक दंपती को इस हिदायत के साथ दिया गया था कि वे इसे संबंधित फाइनेंस कंपनी में जमा करवाकर पुराने ऋण का भुगतान करेंगे और वहां गिरवी रखे दस्तावेज वापस लेकर आवास फाइनेंस कंपनी में जमा करवाएंगे। फाइनेंस कंपनी के पास नहीं पहुंचा चेक शिकायत के मुताबिक दंपती ने न तो चेक संबंधित कंपनी में जमा करवाया और न ही पुराने ऋण से जुड़े दस्तावेज जमा करवाए। बाद में आवास फाइनेंस कंपनी ने इंडिया शेल्टर फाइनेंस से संपर्क किया तो पता चला कि उनके पास यह चेक पहुंचा ही नहीं था। दूसरी कंपनी में कराया क्लियर जांच में सामने आया कि चेक नारनौल स्थित इंडसइंड बैंक में कथित तौर पर इंडिया शेल्टर फाइनेंस कॉरपोरेशन के नाम से खोले गए खाते में क्लियर हुआ। कंपनी ने आरोप लगाया कि बैंक की मिलीभगत से गलत नाम से खाता खुलवाकर चेक उसमें जमा कराया गया और इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ। शिकायत में बैंक पर खाता खोलते समय संबंधित संस्था के अस्तित्व और वैधता की उचित जांच नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है। आर्थिक अपराध शाखा में हुई जांच कंपनी ने पहले भी मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी थी। इसकी जांच महावीर चौकी और आर्थिक अपराध शाखा को भेजे जाने का उल्लेख शिकायत में किया गया है। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *