![]()
भिलाई के सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल में श्रद्धालुओं से पार्किंग के नाम पर 10, 20 और 30 रुपए लेने की शिकायत पर नगर निगम की टीम ने बुधवार शाम कार्रवाई की। जांच के दौरान सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति की ओर से स्वास्तिक सायकल स्टैंड के नाम पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों से राशि ली जा रही थी। निगम की टीम ने मौके से शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीद जब्त कर ली। समिति के अध्यक्ष और पदाधिकारियों को तुरंत शुल्क लेना बंद करने की हिदायत दी गई। दरअसल, गणेशोत्सव के दौरान सेक्टर-10 में बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी दौरान नगर निगम को शिकायत मिली थी कि गणेश पंडाल के पास वाहन खड़ा करने के बदले लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं। शिकायत के बाद नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के आदेश और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर जोन-5 की टीम शाम को मौके पर पहुंची। जांच में दो समितियों की अलग-अलग स्थिति सामने आई। शिवमानस गणेशोत्सव समिति के पंडाल में किसी तरह का पार्किंग शुल्क नहीं लिया जा रहा था। इसके उलट सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति के यहां स्वास्तिक सायकल स्टैंड के नाम पर वाहनों से 10, 20 और 30 रुपए लिए जा रहे थे। निगम की टीम ने मौके पर ही शुल्क वसूली से जुड़ी रसीदें जब्त कर लीं। रसीदों से सामने आया शुल्क लेने का मामला
मौके पर मिली 5 कट्टा रसीद इस कार्रवाई का अहम हिस्सा रही। इन रसीदों के जरिए वाहन खड़ा करने के बदले राशि लिए जाने की बात सामने आई। निगम अधिकारियों ने समिति के पदाधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई व्यवस्था के नाम पर बिना अनुमति किसी तरह की राशि नहीं ली जा सकती। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि दोबारा इस तरह शुल्क लेते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियम के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। यानी फिलहाल निगम ने रसीदें जब्त कर शुल्क वसूली बंद कराई है। गणेश पंडालों पर निगम की नजर
गणेशोत्सव के दौरान शहर के बड़े पंडालों में रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है। इसी वजह से नगर निगम की टीम अलग-अलग व्यवस्थाओं पर नजर रख रही है। नगर निगम ने सभी गणेशोत्सव समितियों से कहा है कि आयोजन के दौरान तय नियमों का पालन करें। श्रद्धालुओं से बिना अनुमति किसी भी तरह की राशि नहीं ली जाए। कार्रवाई के दौरान जोन-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम और भिलाई नगर पुलिस की टीम मौजूद रही।
Source link
सेक्टर-10 गणेश पंडाल में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली:श्रद्धालुओं से 10, 20 और 30 रुपए लिए जा रहे थे, निगम ने 5 कट्टा रसीद जब्त की
