निवेश में जल्दबाजी से बचें, बाजार को समझकर फैसला लें:दैनिक भास्कर फाइनेंस एंड वेल्थ अवॉर्ड्स में एक्सपर्ट्स ने निवेश, कर्ज और आर्थिक विकास पर चर्चा की




दैनिक भास्कर फाइनेंस एंड वेल्थ अवॉर्ड्स में निवेश, कर्ज और आर्थिक विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विशेषज्ञों ने चर्चा की। एक्सपर्ट्स ने निवेशकों को सलाह दी कि बाजार की स्थिति और जोखिम को समझे बिना जल्दबाजी में निवेश का फैसला न लें। कार्यक्रम में बदलते आर्थिक माहौल, कर्ज की जरूरत और देश के आर्थिक विकास की संभावनाओं पर भी विचार साझा किए गए। सोमवार को दैनिक भास्कर की ओर से जयपुर के होटल द ललित में दैनिक भास्कर आइकन्स ऑफ फाइनेंस एंड वेल्थ अवॉर्ड्स एंड टॉक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम में वित्त, बैंकिंग, निवेश और कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों ने मौजूदा आर्थिक हालात, शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव, लंबे समय में संपत्ति बनाने और कर्ज की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर चर्चा की। टॉक शो के दौरान एक्सपर्ट ने कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव और आर्थिक अनिश्चितता के बीच निवेशकों को जल्दबाजी में फैसला लेने से बचना चाहिए। निवेश करते समय लंबी अवधि का नजरिया, सही जानकारी और अलग-अलग जगह पैसा लगाने की रणनीति अपनाना जरूरी है। कार्यक्रम में वित्तीय क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों और संस्थानों को अवॉर्ड देकर सम्मानित भी किया गया। आर्थिक अनिश्चितता और बाजार के उतार-चढ़ाव पर चर्चा पहले टॉक शो का विषय ‘आर्थिक अनिश्चितता, भू-राजनीतिक जोखिम और बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच समझदार निवेशक को क्या करना चाहिए?’ रहा। इसमें फिनाटॉजिक वेंचर्स और ओसैट नॉलेज के सह-संस्थापक कृष्ण शर्मा ने निवेशकों के व्यवहार और बाजार की बदलती परिस्थितियों पर बात की। उन्होंने बताया कि बाजार में उतार-चढ़ाव के समय भावनाओं में आकर निवेश के फैसले लेने के बजाय सोच-समझकर रणनीति बनानी चाहिए। लंबे समय में पैसा बनाने की रणनीति दूसरे टॉक शो ‘लंबे समय के लिए संपत्ति कैसे बनाएं’ में एसबीआई वेल्थ के हेड-प्रोडक्ट, इन्वेस्टमेंट एंड रिसर्च रजनीकांत तिवारी ने निवेश की योजना पर चर्चा की। उन्होंने लंबे समय में संपत्ति बनाने के लिए अनुशासन के साथ निवेश करने और अलग-अलग एसेट में पैसा लगाने की जरूरत बताई। एनबीएफसी से बढ़ रही कर्ज की पहुंच तीसरे टॉक शो का विषय ‘कर्ज की कमी दूर करने में एनबीएफसी की भूमिका’ रहा। इसमें बेस्ट कैपिटल सर्विसेज के डायरेक्टर अरुण बगड़िया ने एनबीएफसी की भूमिका पर बात रखी। उन्होंने बताया कि एनबीएफसी के जरिए कारोबार और अन्य जरूरतों के लिए लोगों तक कर्ज की पहुंच बढ़ रही है। इससे आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। देश की ग्रोथ के लिए क्रेडिट और इंफ्रास्ट्रक्चर पर मंथन चौथे सेशन में ‘तेज विकास वाली अर्थव्यवस्था के लिए कर्ज, पूंजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और संपत्ति निर्माण का भविष्य’ विषय पर चर्चा हुई। इसमें एसबीआई जयपुर सर्किल के चीफ जनरल मैनेजर ओंकार नाथ चौधरी, फिनोवा कैपिटल के फाउंडर, एमडी एवं सीईओ मोहित साहनी, आईआईएफसीएल के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर पलाश श्रीवास्तव और आरएनजीसीए कंसल्टेंट्स के एमडी एवं राजस्थान एसोचैम के चेयरमैन हिमांशु गोयल शामिल हुए।
विशेषज्ञों ने देश की आर्थिक ग्रोथ में बैंकिंग, कर्ज, इंफ्रास्ट्रक्चर और निजी निवेश की भूमिका पर विचार रखे। साथ ही बदलती अर्थव्यवस्था में कारोबार और निवेश के नए अवसरों पर भी चर्चा की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *