Headlines

नूंह में घर से ₹85 हजार कैश और जेवर चोरी:चौबारा फांदकर मकान में घुसे चोर; परिवार के लोग गए थे बाहर




नूंह शहर के वार्ड नंबर-8 में एक घर में चोरी की वारदात हुई है। अज्ञात बदमाश चौबारा फांदकर घर में घुसे और लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर तथा करीब 85 हजार रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गए। यह घटना एडवोकेट पंकज गुप्ता के घर हुई चोरी के कुछ ही समय बाद सामने आई है। वार्ड नंबर-8 निवासी नेपाल ने सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त की रात वह परिजनों के साथ किसी निजी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े 3 बजे अज्ञात चोर मकान के ऊपर बने चौबारे से घर में घुस गए। सोने की अंगूठियां समेत कीमती जेवर चुराए बदमाशों ने घर में रखी अलमारी और अन्य सामान खंगाला। उन्होंने कीमती आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए सामान में तीन सोने की अंगूठियां, दो सोने की चेन, मंगलसूत्र, हार और सोने की चूड़ी सहित अन्य जेवरात शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, शिकायत में लगभग दो किलोग्राम चांदी के आभूषण, जैसे पाजेब, कड़े और बच्चों के जेवरात भी चोरी होने का जिक्र है। कुल मिलाकर लाखों रुपए के आभूषण और 85 हजार रुपए चोरी हुए हैं। सुबह चार बजे हुए चोरी का खुलासा चोरी की वारदात का खुलासा सुबह करीब चार बजे हुआ, जब पीड़ित की पत्नी ने चौबारे का दरवाजा खुला देखा। घर का सामान अस्त-व्यस्त मिलने पर उन्हें चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। सिटी थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *