Headlines

नूंह में झगड़े का बदला लेने निकले 6 युवक अरेस्ट:पुलिस ने हथियारों से लैस ब्रेजा कार घेरी, जामिया विश्वविद्यालय दिल्ली में हुआ था विवाद




जामिया विश्वविद्यालय दिल्ली में हुए झगड़े की कथित रंजिश ने नूंह में पुलिस को आधी रात नाकाबंदी के लिए मजबूर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, छह युवक हथियार और डंडे लेकर ब्रेजा कार में सवार होकर सोहना की तरफ जा रहे थे। सूचना मिलते ही CIA नूंह की टीम ने सलंबा मोड़ पर जाल बिछाया और कार को घेरकर सभी छह आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार, बुधवार की रात करीब 1:15 बजे CIA नूंह की टीम नूंह-सोहना रोड पर सलंबा मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिलीी कि सुबेदीन, फिरोज, बिलाल, साहिल अहमद, परवेज और नसीम ब्रेजा कार में सवार होकर सोहना की ओर जाएंगे। सूचना में बताया गया कि आरोपी कथित तौर पर डंडों और अवैध हथियारों से लैस हैं और जामिया विश्वविद्यालय दिल्ली में हुए झगड़े का बदला लेने के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने की नाकाबंदी सूचना मिलते ही पुलिस ने सड़क पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध ब्रेजा कार दिखाई दी। पुलिस के मुताबिक, पुलिस पार्टी को सामने देखकर ड्राइवर ने अचानक कार रोक दी और वापस मोड़ने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर कार को चारों तरफ से घेर लिया। कंडक्टर सीट पर बैठा सुबेदीन हाथ में पकड़ी देसी बंदूक लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से देसी बंदूक (पौना) बरामद हुई। वहीं, फिरोज की तलाशी लेने पर उसकी जींस की जेब से देसी कट्टा मिला। साहिल अहमद, परवेज और नसीम के पास से तीन बांस के डंडे भी बरामद किए गए। कार ड्राइवर बिलाल को भी मौके पर काबू कर लिया गया। थाना सदर प्रभारी कुलदीप के अनुसार छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगामी जांच ASI मनोज कुमार को सौंपी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *