![]()
उदयपुर में ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवारक को कार्रवाई की। आयुक्त अविचल चतुर्वेदी और CMHO डॉ. अशोक आदित्य के निर्देश पर टीम ने शैक्षणिक संस्थानों की मैस की जांच की। टीम ने प्रतापनगर स्थित पैसिफिक यूनिवर्सिटी और देबारी स्थित पैसिफिक डेंटल कॉलेज की मैस पर औचक छापा मारा। यहां छात्रों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर दाल, सब्जी और चावल के कुल 6 सैंपल जब्त किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि टीम ने सबसे पहले प्रतापनगर स्थित पैसिफिक यूनिवर्सिटी के कैंपस में चल रही मैस में पहुंची। यहाँ दोपहर के भोजन की तैयारी चल रही थी। अचानक हुई इस कार्रवाई से मैस के कर्मचारियों और संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने सीधे किचन में प्रवेश किया। वहाँ भोजन पकाने की जगह, बर्तनों की सफाई और कच्चे माल के रख-रखाव की बारीकी से जांच की गई। छात्रों को परोसे जाने वाले भोजन की शुद्धता परखने के लिए टीम ने मौके पर तैयार छोले, हरी मिर्च-टमाटर की सब्जी और दाल के सैंपल लिए। इन सभी नमूनों को सील कर दिया गया। डेंटल कॉलेज की मैस में भी कार्रवाई
यूनिवर्सिटी के बाद टीम देबारी स्थित पैसिफिक डेंटल कॉलेज की मैस में जांच के लिए पहुंची। यहाँ भी टीम ने रसोईघर की साफ-सफाई, पानी की शुद्धता और खाद्य सामग्री के भंडारण की स्थिति को देखा। चौहान ने बताया कि टीम ने मैस में बन रहे भोजन की शुद्धता को परखने के लिए उबले चावल (बॉयल राइस), मूंग की सब्जी और उड़द दाल के सैंपल एकत्र किए। अधिकारियों ने मैस के स्टॉक रूम को भी खंगाला और इस्तेमाल हो रहे तेल व मसालों की ब्रांडिंग चेक की। रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
जब्त किए गए सभी 6 सैंपलों को जांच के लिए जयपुर स्थित राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ डॉ अशोक आदित्य ने कहा कि यदि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की मिलावट या गंदगी पाई जाती है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर मैस का लाइसेंस निलंबित करने और कोर्ट में केस दर्ज करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम इस पूरी औचक निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा विभाग की एक विशेष टीम ने अंजाम दिया। इस टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिंह चौहान, मोनिका अहारी और पिंकी कुमारी शामिल थीं।
Source link
उदयपुर में पैसिफिक यूनिवर्सिटी-डेंटल कॉलेज पर स्वास्थ्य विभाग का छापा:मैस से दाल, सब्जी और चावल के 6 सैंपल जब्त; लैब भेजे
