Headlines

पंचायत-निकाय-चुनाव, भाजपा ने उदयपुर में 3 दिग्गजों को सौंपी कमान:राजेंद्र राठौड़, नारायण पंचारिया और जसकौर मीणा संभालेंगे मोर्चा; चुनावी रणनीति और मैनेजमेंट पर रहेगा जोर




राजस्थान में आगामी पंचायती राज और स्थानीय निकायों के चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश भाजपा ने राज्य के सभी संभागों के लिए चुनाव संचालन समितियों का ऐलान शनिवार को किया। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने इसकी आधिकारिक सूची जारी की। उदयपुर संभाग में चुनावी कमान मजबूत करने के लिए पार्टी ने वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं पर दांव खेला है। उदयपुर संभाग की चुनावी बागडोर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण पंचारिया और पूर्व सांसद जसकौर मीणा को सौंपी गई है। पार्टी आलाकमान को उम्मीद है कि इन दिग्गज नेताओं के संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्र में मज़बूत पकड़ से उदयपुर संभाग के ज़िलों में भाजपा का प्रदर्शन काफी बेहतर रहेगा। उदयपुर संभाग के लगभग सभी ज़िलों में राजेंद्र राठौड़ और नारायण पंचारिया का लगातार दौरा और कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क रहा है। क्षेत्र के स्थानीय समीकरणों, जातिगत गणित और कार्यकर्ताओं की जमीनी नब्ज से ये नेता काफ़ी अच्छी तरह वाकिफ हैं। समय-समय पर पार्टी के कार्यक्रमों और बैठकों के ज़रिए इनका संवाद क्षेत्र के प्रमुख स्थानीय नेताओं के साथ बना रहा है। यह नवगठित संचालन समिति उदयपुर संभाग के तहत आने वाले ज़िलों में पंचायत और निकाय चुनावों की रणनीति तैयार करेगी। समिति का मुख्य काम बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करना, चुनावी मैनेजमेंट देखना और विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित करना होगा। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि ऐसे जनाधार वाले अनुभवी नेताओं को आगे करने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और संगठन को चुनावी मैदान में सीधी बढ़त मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *