![]()
पंजाब-चंडीगढ़ में आज बारिश के आसार हैं। हिमाचल से सटे पंजाब के पांच जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में 27 अगस्त को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। बारिश नहीं होने और तापमान बढ़ने से पंजाब में गर्मी और उमस बढ़ गई है। हालांकि अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। पंजाब में सबसे अधिक 38 डिग्री तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया। वहीं, चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा। बादल छाने के साथ बारिश के आसार मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, मानसून ट्रफ पंजाब के आसपास सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर हरियाणा के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ भी बना हुआ है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। बांधों में अभी खतरे वाली स्थिति नहीं भाखड़ा बांध में पानी का स्तर 1,633.91 फीट है। बांध में 37,741 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 25,483 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसकी अधिकतम जलस्तर सीमा 1,680 फीट है। पोंग बांध का जलस्तर 1,365.45 फीट है। यहां 19,354 क्यूसेक पानी की आवक के मुकाबले 16,503 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसकी अधिकतम जलस्तर सीमा 1,390 फीट है। फिलहाल दोनों बांधों का जलस्तर निर्धारित सीमा से नीचे है। बारिश न होने से राज्य में गर्मी और उमस बढ़ी मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 26 अगस्त को पंजाब के नौ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन किसी भी जिले में बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई। बारिश न होने से राज्य में गर्मी और उमस बनी हुई है। विभिन्न जिलों में अधिकतम तापमान 33.1 से 38 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
Source link
पंजाब के 5 जिलों में आज बारिश के आसार:चंडीगढ़ में भी पड़ेंगी बौछारें, बिजली की मांग 15 हजार मेगावाट के पार
