![]()
पंजाब पुलिस के एक जवान को लुधियाना के खन्ना में नशे के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उससे 10 ग्राम हेरोइन बरामद की। जबकि, एक होमगार्ड को उसके 2 दोस्तों के साथ नशा करते हुए दबोचा गया। यह कार्रवाई पंजाब सरकार के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। आरोपी पुलिस जवान ड्यूटी पर लापरवाही बरतने के चलते पहले से ही सजा भुगत रहा था। वह खन्ना पुलिस लाइन में लाइन हाजिर था। नशे के साथ गिरफ्तारी के चलते उस पर अब बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है। दोनों मामलों के बारे में अलग-अलग जानिए केस नं. 1 सिपाही को हेरोइन के साथ पकड़ा खन्ना में सिटी थाना-2 के SHO तरविंदर बेदी ने बताया है कि पुलिस लाइन में लाइन हाजिर सिपाही अरुण शर्मा के खिलाफ नशा तस्करी से संबंधित कई शिकायतें मिल चुकी थीं। इसके बाद रविवार, 4 अक्टूबर को कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरुण शर्मा हेरोइन तस्करी के लिए निकला है। उसके बाद उसे घेरने के लिए जाल बिछाया गया। सिपाही अरुण कुमार को अमलोह रोड पर सब्जी मंडी के पीछे से रविवार की शाम करीब 5 बजे पकड़ा गया। वह पैदल था। पुलिस को देख हाथ में पकड़ा लिफाफा उसने पांवों में फेंक दिया। उसमें 10 ग्राम हेरोइन थी। नशे के लिंक तलाश रही पुलिस पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया सिपाही अरुण शर्मा न केवल खुद लंबे समय से नशे का सेवन कर रहा है, बल्कि हेरोइन बेचने के धंधे में भी संलिप्त है। उसके खिलाफ थाना सिटी-2 खन्ना में मामला दर्ज कर लिया गया है। SHO तरविंदर बेदी ने बताया कि अरुण शर्मा वर्ष 2016 में पंजाब पुलिस में भर्ती हुआ था और लाइन हाजिर होने के बाद काफी समय से ड्यूटी से गैर हाजिर चल रहा था। वह खन्ना के खालसा स्कूल रोड का रहने वाला है। पुलिस उसके नशा सप्लाई नेटवर्क और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। केस नं. 2 3 साथियों के साथ पकड़ा होमगार्ड का जवान वहीं, एक अन्य कार्रवाई में खन्ना पुलिस ने होमगार्ड के जवान प्रिंस को गिरफ्तार किया। सदर थाने के SHO विजयपाल सिंह ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रिंस खन्ना में कृष्णा नगर का रहने वाला है। रविवार को उसे माजरा गांव में पकड़ा गया। SHO के अनुसार, पुलिस ने माजरा गांव में छापा मारकर 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें होमगार्ड का जवान प्रिंस भी शामिल है। अन्य 2 युवकों में इकोलाहा का रहने वाला उसका साथी शमशाद मोहम्मद और हरबंसपुरा का निवासी इंद्रजीत सिंह शामिल है। नशे में धुत मिला होमगार्ड जवान ये तीनों गांव में नशे का सेवन कर रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को पता नहीं था कि आरोपियों में एक होमगार्ड का जवान है। गिरफ्तारी के बाद जब इनकी डिटेल पता की गई तो सामने आया कि प्रिंस होमगार्ड का जवान है। SHO ने बताया कि प्रिंस को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया। जब उसे खन्ना के सिविल अस्पताल ले जाकर डोप टेस्ट कराया गया, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह खन्ना की रेलवे पुलिस चौकी में तैनात था। उसे पिता की नौकरी मिली है।
Source link
पंजाब पुलिस का जवान हेरोइन के साथ गिरफ्तार:ड्यूटी पर लापरवाही के चलते लाइन हाजिर था; लुधियाना में होमगार्ड जवान भी नशे में मिला
