Headlines

पंजाब में 2027 की जीत को कांग्रेस का फ़ील्ड वर्क:अमृतसर में मेनिफेस्टो कमेटी ने उद्योगपतियों, किसानों व व्यापारियों से सुझाव मांगे




पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए कांग्रेस पार्टी ने जनता के सुझावों के आधार पर अपना चुनावी घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी की चुनावी मेनिफेस्टो कमेटी की पहली मैदानी बैठक शुक्रवार को अमृतसर में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत से पूर्व कमेटी के चेयरमैन डॉ. अमर सिंह बोपाराय (सांसद), विधायक परगट सिंह, विधायक सुखबिंदर सिंह सुख सरकारिया, पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज और अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला सहित वरिष्ठ नेताओं ने सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होकर पंजाब की तरक्की और लोकहितैषी मेनिफेस्टो के निर्माण के लिए अरदास की। सभी वर्गों से संवाद कर तैयार होगा ‘पीपल्स मेनिफेस्टो’ चंडीगढ़ में आयोजित दो शुरुआती बैठकों के बाद अमृतसर से शुरू हुए इस राज्यव्यापी परामर्श अभियान को लेकर कमेटी के चेयरमैन डॉ. अमर सिंह बोपाराय ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का मेनिफेस्टो बंद कमरों या दफ्तरों में बैठकर तैयार नहीं किया जाएगा। पार्टी इसे पूरी तरह जनता की भागीदारी से ‘जनता का मेनिफेस्टो’ बनाएगी। कमेटी राज्यभर के उद्योगपतियों, व्यापारियों, किसानों, मजदूरों, पत्रकारों, ऑटो व रिक्शा चालकों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं का संकलन करेगी। कानून-व्यवस्था, नशा मुक्ति, कृषि संकट, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास जैसे अहम मुद्दों पर आम जनमानस के सुझावों को तरजीह दी जाएगी। अमृतसर का औद्योगिक गौरव लौटाने का संकल्प बैठक के दौरान अमृतसर के स्थानीय उद्योगपतियों और व्यापारियों के साथ भी विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. अमर सिंह ने कहा कि अनुचित कर प्रणाली, महंगी बिजली दरों और पड़ोसी राज्यों में मिल रही रियायतों के कारण अमृतसर का पारंपरिक उद्योग अन्य राज्यों में पलायन कर गया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर अमृतसर के औद्योगिक गौरव को पुनर्जीवित करने और नई औद्योगिक नीतियों को लागू करने का प्रयास किया जाएगा। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बताया कि बैठक में व्यापारी वर्ग ने फिरौती कॉल और गैंगस्टरवाद से जुड़ी गंभीर सुरक्षा चिंताएं व्यक्त की हैं। व्यापारियों का स्पष्ट कहना है कि भयमुक्त माहौल के बिना व्यापार और निवेश संभव नहीं है। औजला ने भरोसा दिया कि कानून-व्यवस्था की बहाली और व्यापारियों की सुरक्षा को पार्टी के घोषणा पत्र में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी के फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों, ब्लॉक अध्यक्षों और जमीनी कार्यकर्ताओं से भी सुझाव एकत्र किए गए हैं ताकि हर क्षेत्र की जमीनी हकीकत को इस नीतिगत दस्तावेज में स्थान दिया जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *