Headlines

पठानकोट बस स्टैंड पार्किंग से बाइक चोरी:महज 35 मिनट में गायब हुई बाइक, पांच रुपये ज्यादा शुल्क लेने का भी आरोप




पठानकोट बस स्टैंड की पार्किंग से एक बाइक चोरी हो गई है। छतवाल निवासी घनश्याम ने बताया कि वे अपनी बेटी को पटियाला जाने वाली बस में बैठाने के लिए बस स्टैंड पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक पेड पार्किंग में पर्ची कटवाने के बाद खड़ी की थी। करीब 35 मिनट बाद जब वे वापस लौटे तो बाइक वहां से गायब मिली। घनश्याम के मुताबिक, उन्होंने सुबह करीब 9:20 बजे अपनी बाइक PB 35 S 9334 पार्किंग में खड़ी की थी। इसके बाद वह अपनी बेटी को बस में बैठाने चले गए। करीब 9:55 बजे जब वह वापस पार्किंग में पहुंचे तो बाइक नहीं मिली। आसपास तलाश करने और पार्किंग कर्मचारियों से पूछताछ के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। घनश्याम ने बताया कि वह दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। बाइक चोरी होने से उनके कामकाज पर असर पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और पार्किंग ठेकेदार से बाइक जल्द वापस करवाने की गुहार लगाई है।
15 की जगह लिए 20 रुपये घनश्याम ने पार्किंग कर्मचारियों पर तय शुल्क से ज्यादा पैसे लेने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि पार्किंग की पर्ची 15 रुपये की थी, लेकिन उनसे 20 रुपये लिए गए। पीड़ित के अनुसार, 100 रुपये का नोट देने पर उन्हें 80 रुपये ही वापस किए गए। 112 पर कॉल की तो थाने में लिखित शिकायत देने को कहा बाइक चोरी होने के बाद घनश्याम ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद उन्हें थाना डिवीजन नंबर-1 में लिखित शिकायत देने की सलाह दी गई। घनश्याम ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर बाइक वापस दिलाने की मांग की है। ठेका कर्मचारी बोले, ठेकेदार और अधिकारियों के संज्ञान में मामला वहीं, पार्किंग कर्मचारियों ने बताया कि वे ठेकेदार के तहत काम करते हैं। मामले की जानकारी ठेकेदार और जुड़े अधिकारियों को दे दी गई है। पार्किंग प्रबंधन का कहना है कि ठेकेदार व बड़े अधिकारियों से बातचीत के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *