![]()
पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पिछले 24 घंटे के भीतर दूसरी बार बाधित हो गया है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात ठप होने से यात्रियों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहली घटना कल देर शाम बत्ती हट्टी नामक स्थान पर हुई, जब पहाड़ी से भारी भूस्खलन हो गया। इसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग करीब दो घंटे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहा। सड़क से मलबा हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया था। वहीं, रविवार करीब 8 बजे बीच रास्ते में एक ट्रक फंस जाने से हाईवे एक बार फिर पूरी तरह बंद हो गया। समाचार लिखे जाने तक सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं और यातायात बहाल नहीं हो पाया था। मणिमहेश यात्रा के कारण ज्यादा रश मणिमहेश यात्रा सीजन इन दिनों चरम पर है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग से होकर यात्रा कर रहे हैं। ऐसे समय में राष्ट्रीय राजमार्ग की बार-बार बिगड़ती स्थिति और यातायात बाधित होने की घटनाओं ने एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर 5 किलोमीटर पर मशीनरी तैनात संबंधित विभाग ने दावा किया था कि बरसात के मौसम और यात्रा सीजन को देखते हुए हर 5 किलोमीटर पर मशीनरी तैनात की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सड़क बहाल की जा सके। हालांकि जमीनी हकीकत इन दावों से अलग नजर आ रही है। 2 महीनों से राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत खराब स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब दो महीनों से राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत बेहद खराब बनी हुई है। इस दौरान सड़क की बदहाल स्थिति के चलते कई सड़क हादसे भी हो चुके हैं, जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है।
Source link
पठानकोट-भरमौर हाईवे 24 घंटे में दूसरी बार बाधित:बारिश के बाद भूस्खलन से यातायात ठप, वाहनों की लगी कतारें; मणिमहेश यात्रा भी प्रभावित
