Headlines

पठानकोट हाईवे पर जलभराव का शिकार बना 16 वर्षीय निहंग:घुटने भर पानी में बाइक फिसली-ट्रक ने कुचला, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम




जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर पुल नंबर-3 के पास जलभराव के कारण हुए एक भीषण सड़क हादसे में 16 वर्षीय निहंग सिंह युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों, परिजनों और निहंग सिंह संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हाईवे पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों का विभाग के खिलाफ जमकर गुस्सा फूटा। उनका कहना था कि प्रशासन और विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से स्थापी समाधान और मुआवजे की मांग की। हालांकि काफी देर बाद अधिकारियों के आश्वासन पर लोग माने। घुटनों तक भरे पानी में असंतुलित हुई बाइक और हुआ दर्दनाक हादसा हादसे के घटनाक्रम के अनुसार, यह घटना बीते दिन सुबह करीब 10 बजे उस समय घटी जब 16 वर्षीय निहंग युवक अपनी मोटरसाइकिल से सुजानपुर के पास पुल नंबर-3 से होकर गुजर रहा था। लगातार बारिश के कारण हाईवे पर घुटनों तक पानी जमा हो चुका था। पानी का बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण युवक अपनी बाइक को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान गहरे पानी में बाइक का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे युवक फिसलकर सड़क पर गिर पड़ा। ठीक उसी वक्त सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में वह आ गया और गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जलभराव की लापरवाही को लेकर सड़कों पर उतरा जनआक्रोश हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों, निहंग सिंह जत्थेबंदियों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने तुरंत हाईवे पर पुल नंबर-3 के पास चक्का जाम कर दिया और प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले कई वर्षों से इस स्थान पर जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। हर बारिश में यहाँ हाईवे पर जलभराव हो जाता है, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ती है। लोगों का कहना था कि यह हादसा पूरी तरह से प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। लोगों ने स्थाई समाधान के साथ मुआवजे की मांग रखी प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से स्पष्ट मांग रखी कि पुल नंबर-3 के नीचे जल निकासी की एक स्थायी व्यवस्था बनाई जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति को अपनी जान न गंवानी पड़े। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि हाईवे पर जलभराव की समस्या का पक्का हल निकाला जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा न्याय दिलाया जाए। पुलिस अधिकारियों की मध्यस्थता से खुला हाईवे का जाम सूचना पर थाना सुजानपुर के प्रभारी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से काफी देर बातचीत की और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी ने बताया कि जलभराव और हादसे को लेकर लोगों में भारी रोष था। प्रदर्शनकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे अगले दिन जिला उपायुक्त (डीसी) को अपना मांग पत्र सौंपेंगे, जिसके बाद पुलिस के समझाने पर धरना समाप्त कर दिया गया और हाईवे पर यातायात सुचारु कराया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *