![]()
लुधियाना की जशनवीर कौर और परमिंदर सिंह की शादी साढ़े चार साल पहले सिख रीति रिवाज के हिसाब से हुई। शादी के वक्त दोनों परिवारों में 30 लाख रुपए में समझौता हुआ कि लड़की कनाडा जाएगी और उसका पूरा खर्च ससुराल पक्ष उठाएगा। जशनकौर जब कनाडा जाएगी तो वो अपने पति परमिंदर सिंह को वहां बुलाएगी और उसकी PR करवाकर देगी। करार के मुताबिक जशनवीर कौर ने अपने पति को कनाडा बुलाया। पति शादी के तीन महीने बाद कनाडा पहुंचा पर पत्नी उसे लेने एयरपोर्ट पर नहीं पहुंची।
एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करने के बाद परमिंदर ने कनाडा में रहने वाली अपनी मौसी की बेटी को बुलाया। वो उसे लेकर गई। जशनवीर कौर ने परमिंदर सिंह के साथ कोई संपर्क नहीं किया और न ही उसे पीआर दिलाई। जब उसने पीआर की डिमांड की तो जशनवीर कौर ने तलाक का केस लगा दिया। इधर, परमिंदर के पिता कुलदीप सिंह जशनवीर कौर के पिता से अपने पैसे वापस मांगने लगे। पंचायत बैठी तो तय हुआ कि जशनवीर के पिता उन्हें 17 लाख रुपए लौटा देंगे। पंचायत के फैसले के बाद भी जशनवीर के पिता जनरैल सिंह ने पैसे नहीं लौटाए। परमिंदर के पिता कुलदीप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने सुधार थाने में जशनवीर कौर, उसके पिता जरनैल सिंह और माता मनजीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर दिया है। कुलदीप सिंह का आरोप है कि उन्होंने 20 लाख रुपए तो जरनैल सिंह के खाते में ट्रांसफर किए थे। विदेश जाने के लिए ससुरालियों से 30 लाख ठगी की कहानी सिलसिलेवार जानिए… शादी से पहले हुआ था लिखित समझौता: पखोवाल गांव निवासी कुलदीप सिंह के बेटे परमिंदर सिंह का विवाह चचराड़ी गांव की जशनवीर कौर से तय हुआ था। जशनवीर कौर ने आईलेट्स (IELTS) कर रखी थी और वह आगे की पढ़ाई के लिए कनाडा जाना चाहती थी, लेकिन उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे इसका खर्च उठा सकें। शादी से ठीक पहले 11 जनवरी 2022 को दोनों परिवारों के बीच गवाहों की उपस्थिति में एक लिखित इकरारनामा हुआ। समझौते के तहत यह तय हुआ कि लड़की को कनाडा भेजने, वहां की पढ़ाई और कॉलेज की फीस का सारा खर्च लड़का परिवार उठाएगा, बदले में जशनवीर कनाडा पहुंचकर अपने पति परमिंदर को वहां बुलाएगी और उसकी पीआर की फाइल लगवाएगी। सिख रीति-रिवाज से शादी की और कनाडा भेजा: कुलदीप सिंह ने बताया कि इस समझौते के बाद 16 जनवरी 2022 को दोनों की शादी सिख रीति-रिवाज से संपन्न हुई। शादी के तुरंत बाद कुलदीप सिंह ने अपनी बहू जशनवीर का आधार कार्ड अपने पखोवाल गांव के पते पर बनवाया। इसके बाद 11 मार्च 2022 को जशनवीर कौर को कनाडा रवाना कर दिया गया। उसकी फ्लाइट की टिकट, शॉपिंग और कनाडा में कॉलेज की फीस का सारा भुगतान उनके परिवार ने किया। बैंक खातों से ट्रांसफर किए गए लाखों रुपये: कुलदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी जमा पूंजी उसे विदेश भेजने पर लगा दी। कुलदीप सिंह की पत्नी कुलवंत कौर के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के खाते से अलग-अलग तारीखों में जशनवीर के पिता जरनैल सिंह के खाते में चेक के जरिए कुल 20 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इसमें 4 फरवरी 2022 को 10 लाख, 18 फरवरी को 5 लाख और 5 मार्च 2022 को 5 लाख रुपये भेजे गए। शादी, वीजा और भेजने के अन्य खर्चों को मिलाकर कुलदीप सिंह ने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए। कनाडा जाकर बदल गए बहू के सुर: कुलदीप सिंह ने बताया कि साल 2025 में जशनवीर कौर ने काफी आनाकानी और करीब 4 बार फाइलें रिजेक्ट होने के बाद आखिरकार अपने पति परमिंदर सिंह को कनाडा तो बुला लिया। लेकिन जब परमिंदर कनाडा के एयरपोर्ट पर उतरा तो उसकी पत्नी जशनवीर उसे लेने के लिए एयरपोर्ट पहुंची ही नहीं। वह काफी देर तक एयरपोर्ट पर अपनी पत्नी का इंतजार करता रहा। थक-हारकर उसने अपनी बुआ की बेटी मनप्रीत कौर को फोन किया, जो उसे अपने घर ले गई. तब से परमिंदर अपनी बुआ की बेटी के घर रहने को मजबूर है। पीआर की जगह सीधे मिला तलाक का नोटिस: कुलदीप सिंह ने बताया कि जब परमिंदर ने कनाडा में अपनी पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। हद तो तब हो गई जब जशनवीर कौर ने इकरारनामे की शर्तों को पूरी तरह दरकिनार करते हुए अक्टूबर 2025 में कनाडा की अदालत में अपने पति परमिंदर सिंह से तलाक लेने के लिए केस दायर कर दिया। पुलिस जांच में क्या तथ्य आए सामने, सिलसिलेवार जानिए… लिखित इकरारनामे और बैंक ट्रांजेक्शन की पुष्टि: कुलदीलप सिंह ने इस संबंध में अफसरों को शिकायत दी। उसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि दोनों पक्षों के बीच 11 जनवरी 2022 को हुआ लिखित इकरारनामा बिल्कुल सही पाया गया। इसके साथ ही, कुलदीप सिंह की पत्नी के खाते से जशनवीर के पिता जरनैल सिंह के खाते में ट्रांसफर किए गए कुल 20 लाख रुपये के बैंक ट्रांजेक्शन भी पूरी तरह सत्यापित हुए। पंचायत में हुआ 17 लाख का राजीनामा, फिर मुकरे आरोपी: पुलिस जांच में सामने आया कि पुलिस में शिकायत होने के बाद दोनों पक्षों के बीच 20 मई 2026 को ग्राम पंचायत बड़ैच की उपस्थिति में एक लिखित राजीनामा हुआ था. इस समझौते के तहत लड़की के माता-पिता ने लड़के के परिवार को 17 लाख रुपये वापस लौटाने की बात स्वीकार की थी। लेकिन कुछ ही समय बाद लड़की के माता-पिता इस लिखित समझौते से भी साफ मुकर गए। लड़की की मां मनजीत कौर ने पुलिस के सामने यह कबूल किया कि उन्होंने 17 लाख देने की बात तो मानी थी, लेकिन अब उनके पास पैसे नहीं हैं। आरोपी पक्ष नहीं दे पाया कोई सबूत: जांच अधिकारी ने आरोपी मनजीत कौर को अपनी बेटी द्वारा कनाडा में दायर किए गए तलाक के कागजात और बेटी के बयानों की प्रतियां पेश करने के लिए पर्याप्त समय दिया था। लेकिन आरोपी पक्ष पुलिस के सामने ऐसा कोई भी दस्तावेज पेश करने में पूरी तरह नाकाम रहा, जिससे उनकी बेगुनाही साबित हो सके। कनाडा से पति ने बयां किया अपना दर्द: कनाडा से ईमेल के जरिए भेजे गए अपने बयानों में पीड़ित पति परमिंदर सिंह ने पुलिस को साफ बताया कि भारत से कनाडा एयरपोर्ट पहुंचने पर उसकी पत्नी उसे लेने नहीं आई और न ही वह उससे बात करती है। उसने पीआर दिलाने में मदद करने के बजाय उसे लावारिस छोड़ दिया। सोची-समझी साजिश के तहत हुई 30 लाख की ठगी: पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हो गया कि जशनवीर कौर, उसके पिता जरनैल सिंह और उसकी माता मनजीत कौर ने आपस में मिलीभगत करके कुलदीप सिंह के परिवार को अपना शिकार बनाया। उन्होंने लड़के के परिवार से करीब 30 लाख रुपये ऐंठ लिए और कनाडा पहुंचते ही लड़के को धोखा देकर तलाक का केस कर दिया।
Source link
पति को कनाडा बुलाकर एयरपोर्ट पर लेने नहीं आई पत्नी:30लाख खर्च कर बहू भेजी विदेश, बेटे को दिलानी थी PR; मिला तलाक का नोटिस
