Headlines

पत्नी के लिए दवा लेने निकले हवलदार पर हमला:कार एक्सीडेंट का आरोप लगाकर लाठी-डंडों से की मारपीट, मोबाइल तोड़ा, केस दर्ज




दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में देर रात कार दुर्घटना के विवाद में एक प्रधान आरक्षक (हवलदार) पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और पुलिस को सूचना देने के लिए निकाला गया मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात 3-4 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनीष कुमार अग्निहोत्री (40) निवासी शिवाजी नगर, तितुरडीह, दुर्ग हैं। वे 29 जुलाई तक थाना उतई में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ थे और 30 जुलाई को उनका स्थानांतरण रक्षित केंद्र दुर्ग हुआ था। शिकायत के मुताबिक, 27 जुलाई की रात पत्नी की तबीयत खराब होने पर वे सोमनी के पास एक गांव में आयुर्वेदिक वैद्य से दवा लेने गए थे। देर रात वापस लौटते समय रसमड़ा हाईवे स्थित आशीर्वाद बार के पास ट्रक के ओवरटेक करने के दौरान आवाज आने पर उन्होंने कार रोककर जांच शुरू की। कार टक्कर का आरोप लगाकर की मारपीट इसी दौरान वहां मौजूद 3-4 युवक उनके पास पहुंचे और उनकी कार से टक्कर मारने का आरोप लगाने लगे। मनीष के अनुसार, उन्होंने किसी वाहन को टक्कर मारने से इनकार किया, लेकिन आरोपी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई करने लगे। मोबाइल छीनकर जमीन पर पटका मनीष अग्निहोत्री ने बताया कि जब उन्होंने पुलिस को सूचना देने के लिए मोबाइल निकाला, तो एक आरोपी ने मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया और उसे तोड़कर कार के अंदर फेंक दिया। इससे वे किसी से संपर्क नहीं कर सके। खुद को इमरान बताकर दी धमकी शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान एक युवक ने अपना नाम इमरान निवासी फरीदनगर बताया और कथित तौर पर कहा, “जो उखाड़ना है उखाड़ लेना।” इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह जान बचाकर मनीष सीधे थाना सुपेला पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बाद में उपचार कराने के बाद उन्होंने चौकी अंजोरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। अज्ञात आरोपियों पर केस, जांच जारी चौकी अंजोरा पुलिस ने अज्ञात 3-4 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले की विवेचना जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *