![]()
पलवल में केएमपी एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे खराब खड़े हाइवा ट्रक की मरम्मत कर रहे ड्राइवर की एक अनियंत्रित ट्राला द्वारा टक्कर मार दिए जाने से मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने मृतक ड्राइवर के भाई की शिकायत पर अज्ञात ट्राला ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अलवर (राजस्थान) के नीमली गांव निवासी इरशाद ने बताया कि उसका भाई जमशेद उसका हाइवा ट्रक चलाता था। जमशेद नूंह (हरियाणा) के फिरोजपुर-झिरका से गाजियाबाद (यूपी) सामान लेकर जा रहा था। जोधपुर टोल प्लाजा के पास खराब हुआ ट्रक रात करीब 10 बजे जब जमशेद का ट्रक केएमपी एक्सप्रेस-वे पर जोधपुर टोल टैक्स प्लाजा के पास पहुंचा, तो उसमें खराबी आ गई। जमशेद की सूचना पर गाड़ी मालिक इरशाद और एक मिस्त्री देर रात करीब दो बजे मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिए गाड़ी के पीछे प्लास्टिक के बैरिकेड्स लगाए गए थे। मिस्त्री और ड्राइवर जमशेद ट्रक के नीचे मरम्मत का काम कर रहे थे, जबकि मालिक इरशाद टार्च दिखाकर रोशनी कर रहा था। तेज गति से आया ट्राला चालक इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्राले ने ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मिस्त्री और मालिक इरशाद बाल-बाल बच गए, लेकिन गाड़ी के नीचे काम कर रहा जमशेद बाहर निकलने की कोशिश में पहिए की चपेट में आ गया। उसका सिर टायर से कुचल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पलवल के जिला नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इरशाद की शिकायत पर आरोपी ट्राला के अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
पलवल में ट्राले की टक्कर से ट्रक ड्राइवर की मौत:नूंह से यूपी जा रहा, खराबी आने पर एक्सप्रेसवे पर रुका, राजस्थान का रहने वाला
