![]()
पलवल के श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल के नादिया जिले से राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशा मुक्त भारत और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-2026’ जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया है। इस अभियान के तहत युवाओं से मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ जन आंदोलन का नेतृत्व करने का आह्वान किया गया है। ‘नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ें’ मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशा मुक्त भारत बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई साथी नशे से ग्रस्त है, तो उसे भी इस दलदल से बाहर निकालकर समाज की मुख्य धारा से जोड़ा जाए, ताकि वह समाज निर्माण में अपना योगदान दे सके। जिले के हजारों युवाओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। गौरव गौतम ने जोर देकर कहा कि यदि देश का युवा नशे से दूर रहेगा, तो हमारा समाज और परिवार भी स्वस्थ बनेगा। स्कूल-कॉलेजों तक जुड़ेगा नशामुक्ति और स्वस्थ जीवन का अभियान उन्होंने बताया कि अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने, सामुदायिक भागीदारी मजबूत करने और युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक राष्ट्र निर्माण की दिशा में निर्देशित करने के लिए देश भर में युवाओं के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अभियान में एमवाई भारत स्वयंसेवकों, एनएसएस स्वयंसेवकों, युवा क्लबों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, गैर-सरकारी संगठनों, औद्योगिक संघों और आध्यात्मिक संगठनों की भागीदारी रहेगी। सम्मानित होंगे नशामुक्ति अभियान के योद्धा जिससे यह देश में मादक द्रव्यों के दुरुपयोग के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाले सबसे बड़े जन आंदोलनों में से एक बन जाएगा। अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और संगठनों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह के पड़ावों पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने नशा मुक्ति का संकल्प लिया। इस अवसर पर श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉ. दिनेश कुमार, डीसी डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर व भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला सहित काफी संख्या में युवा मौजूद थे।
Source link
पलवल में हजारों युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प:मंत्री बोले-पीएम के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, राष्ट्र निर्माण में दें योगदान
