Headlines

पानीपत: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर:गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर




पानीपत जिले के नूरपुर गुजरान पावर हाउस के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर पीजीआई रोहतक के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक का वहां उपचार चल रहा है। घायल अवनेश के पिता महेंद्र सिंह ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को शिकायत देकर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी शिकायत में नूरपुर गुजरान निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से बदायूं, उत्तर प्रदेश के सादुल्लापुर गांव का रहने वाला है और नूरपुर गुजरान में संदीप पुत्र हरिराम के भट्ठे पर खेत में काम करता है। 26 सितंबर की शाम करीब छह बजे उसका बेटा अवनेश मोटरसाइकिल लेकर नूरपुर गुजरान से डाडौला स्थित खेत की तरफ चला गया था। महेंद्र और उसका भाई हीरालाल भी मोटरसाइकिल से उसके पीछे जा रहे थे। शिकायत के अनुसार, नूरपुर गुजरान के पावर हाउस के पास पहुंचने पर सामने से एक युवक तेज रफ्तार से ईचर ट्रैक्टर चलाकर आ रहा था। महेंद्र का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने गफलत और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके बेटे की मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में अवनेश को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद महेंद्र और उसके भाई हीरालाल ने आसपास के लोगों की मदद से घायल अवनेश को तत्काल संकल्प अस्पताल पहुंचाया। वहां करीब दो घंटे तक उसका प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे पीजीआई रोहतक के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। महेंद्र ने पुलिस को बताया कि बेटे के इलाज में व्यस्त होने के कारण वह तत्काल थाने में शिकायत नहीं दे सका। उसने 30 सितंबर को शिकायत देकर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मेडिकल रिपोर्ट और उपचार संबंधी दस्तावेज भी जांच के दौरान पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *