![]()
पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में छात्र परिषद चुनाव के प्रचार को लेकर शुक्रवार देर रात हंगामा हो गया। चुनाव प्रचार के दौरान पक्षपात और अलग-अलग छात्र संगठनों के लिए असमान नियम लागू करने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने गर्ल्स हॉस्टल-4 के बाहर प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) से जुड़े छात्रों का आरोप था कि विश्वविद्यालय प्रशासन चुनाव प्रचार के नियम सभी छात्र संगठनों पर समान रूप से लागू नहीं कर रहा है। मामला शुक्रवार देर शाम करीब 9:00 बजे शुरू हुआ। कुछ छात्राएं चुनाव प्रचार सामग्री लेकर गर्ल्स हॉस्टल-4 पहुंचीं। आरोप है कि वार्डन ने उन्हें हॉस्टल परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया और कहा कि यहां चुनाव प्रचार की अनुमति नहीं है। इसके बाद छात्रों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। हॉस्टल में रात 9 बजे तक चुनाव प्रचार किया जा सकता है प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि नियमों के मुताबिक हॉस्टल में रात 9 बजे तक चुनाव प्रचार किया जा सकता है। उनका आरोप था कि एक तरफ उन्हें प्रचार सामग्री के साथ हॉस्टल में प्रवेश करने से रोका जा रहा था, वहीं दूसरी तरफ हॉस्टल के कमरों और परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पोस्टर और स्टिकर दिखाई दे रहे थे। छात्रों ने इसे प्रशासन के दोहरे रवैये का उदाहरण बताते हुए सभी छात्र संगठनों के लिए एक समान नियम लागू करने की मांग की। डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) मौके पर पहुंचे मामले की जानकारी मिलने पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की। हालांकि, छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि छात्र परिषद चुनाव में किसी भी संगठन के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और प्रचार के नियम सभी पर समान रूप से लागू किए जाने चाहिए। गर्ल्स हॉस्टल-4 के बाहर छात्रों का प्रदर्शन रात 11:30 बजे तक जारी रहा। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से चुनाव प्रचार संबंधी नियमों को स्पष्ट करने और सभी छात्र संगठनों के लिए समान व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
Source link
पीयू चंडीगढ़ में चुनाव प्रचार को लेकर हंगामा:रात में हॉस्टल के बाहर छात्रों का प्रदर्शन; कहा-समान नियम लागू करे प्रशासन
