![]()
पीलीभीत में बीसलपुर नगर पालिका के बर्खास्त कर्मचारी उपेंद्र की आत्महत्या के बाद एक शोक सभा के दौरान पूर्व विधायक द्वारा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने का मामला गरमा गया है। इस घटना के विरोध में निषाद पार्टी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर आरोपी पूर्व विधायक रामसरन वर्मा के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विवाद तब शुरू हुआ जब बीसलपुर नगर पालिका के बर्खास्त कर्मचारी उपेंद्र ने आत्महत्या कर ली थी। उनके परिवार को सांत्वना देने के लिए वर्तमान भाजपा विधायक विवेक वर्मा और उनके पिता व पूर्व विधायक रामसरन वर्मा पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान पूर्व विधायक रामसरन वर्मा ने बीसलपुर निवासी सत्यपाल कश्यप के साथ सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार किया और उन्हें थप्पड़ मारा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कश्यप समाज में भारी आक्रोश है। निषाद पार्टी के जिला अध्यक्ष रोहित कुमार कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मुलाकात की। रोहित कश्यप ने कहा कि हमारे समाज के व्यक्ति के साथ सरेआम मारपीट करने वाले पूर्व विधायक पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा से गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया, “गठबंधन का मतलब यह कतई नहीं है कि हमारा समाज किसी से पीटने के लिए बना है। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन समाज के मान-सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं होगा।” प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में निषाद पार्टी ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, निष्पक्ष जांच कराने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। निषाद पार्टी ने पीड़ित सत्यपाल कश्यप की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
Source link
पीलीभीत में पूर्व विधायक ने युवक को थप्पड़ मारा था:निषाद पार्टी ने कार्रवाई की मांग की, जिला अध्यक्ष बोले- अपमान सहने के लिए कोई गठबंधन नहीं
