![]()
उज्जैन के उर्दूपुरा इलाके की रस्सी गली में शनिवार दोपहर एक पुराना मकान तोड़ते समय अचानक दीवार गिर गई। इस हादसे में तीन मजदूर मलबे में दब गए। इनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं, जो घायल हुए हैं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मजदूरों को बाहर निकाला और चरक भवन स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया। तीनों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों की पहचान सुनीता (महिला), गोपाल और राजू (पुरुष मजदूर) के रूप में हुई है। यह हादसा कमल सांखला के मकान में हुआ। इस मकान को तोड़कर नया घर बनाया जाना था, जिसके लिए डिस्मेंटल करने का काम चल रहा था। मजदूर दीवार तोड़ने में लगे थे, तभी अचानक दीवार उनके ऊपर आ गिरी। घटना के समय वहां करीब 6 से 7 मजदूर काम कर रहे थे। सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो पुरुष और एक महिला हैं। महिला को मामूली चोटें आई हैं, जबकि पुरुष मजदूरों के हाथ-पैर में चोट लगी है। उनका एक्स-रे भी कराया गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने जानकारी दी कि एक मजदूर के हाथ और दूसरे के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि महिला के पैर में चोट आई है। हादसे वाली जगह के ठीक सामने शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी का घर है। घटना के वक्त उनके परिवार के सदस्य और आसपास के लोग वहीं मौजूद थे। सभी ने मिलकर मलबे में दबे मजदूरों को तुरंत बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। भाटी ने बताया कि उन्होंने रास्ते में ही कलेक्टर को घटना की जानकारी दे दी थी, जिसके बाद अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायलों के इलाज का इंतजाम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। मजदूरों का कहना है कि वे काम कर रहे थे, तभी बिना किसी चेतावनी के दीवार अचानक गिर गई और यह हादसा हो गया। देखिए तस्वीरें…
Source link
पुराना मकान तोड़ते समय दीवार गिरी, 3 मजदूर दबे:उज्जैन की रस्सी गली में हादसा, हाथ-पैर और कमर में चोटें आईं
