Headlines

स्कूल जाने निकली बच्ची को स्कूल बस ने कुचला, मौत:कोरिया में स्कूल बस में सवार होने से पहले हादसा, चालक ने किया सरेंडर




कोरिया जिले के धनपुर में शनिवार सुबह स्कूल जाने के लिए निकली 7 वर्षीय बच्ची को उसी के स्कूल की बस ने कुचल दिया। बच्ची को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामला सोनहत थाना क्षेत्र का है। हादसे के बाद बस के चालक एवं खलासी फरार हो गये थे। बस चालक ने थाने में सरेंडर कर दिया है। बच्ची सोनहत में भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा थी। हादसे के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रबंधन को नोटिस भेजा है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम धनपुर निवासी प्रिंसी सुबह 7.30 बजे स्कूल जाने के लिए तैयार हुई। वह अपने स्कूल बस के स्टॉप से कुछ दूर पर थी। बस को आते देख वह अपने बस स्टॉप की ओर दौड़ी। इस दौरान वह बस के सामने पहिये के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। हॉस्पिटल पहुंचने से पहले मौत घटना के बाद बस का चालक नीचे उतरा और मौके से भाग निकला। कुछ दूर पर हैंडपंप में पानी भर रहे लोगों ने घायल बच्ची को तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां बच्ची के पिता सोनलाल सहित अन्य परिजन भी पहुंच गये। बच्ची को हॉस्पिटल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार तेज थी और चालक ने बच्ची को दौड़ते हुए देखकर भी ब्रेक नहीं लगाया, जिससे हादसा हो गया। हादसे की सूचना पर कोरिया जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, सोनहत जनपद उपाध्यक्ष संदीप जायसवाल हॉस्पिटल पहुंचे। हॉस्पिटल में बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे से परिजन सदमें में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बस का चालक गांव की गलियों में भी तेज रफ्तार में गाड़ी चलता था। बस के चालक शीतला प्रसाद ने दोपहर में थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया है। सोनहत पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। डीईओ ने स्कूल को थमाया नोटिस हादसे के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रबंधन को नोटिस भेजा है। डीईओ ने छात्रा की मौत मामले में स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने के आरोप में नोटिस जारी कर दो दिनों में जवाब मांगा है।
डीईओ ने नोटिस जारी कर कहा है कि क्यों न स्कूल की मान्यता समाप्त कर दी जाए। स्कूल प्रबंधन को दो दिनों में जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *