![]()
बागपत में ऐतिहासिक पुरा महादेव परशुरामेश्वर मंदिर में त्रयोदशी और श्रावण मास के दूसरे सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों शिवभक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। भारी बारिश के बावजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। मंदिर के बाहर सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर पुरा महादेव पहुंचे और भगवान शिव को जल अर्पित किया। बारिश के बीच भी श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बारिश के दौरान भी पुलिसकर्मी मुस्तैदी से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालते रहे। एडीजी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर पुजारी जय भगवान शर्मा से भी मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पुरा महादेव में श्रावण मास के आयोजनों को देखते हुए पिछले करीब तीन महीने से सुरक्षा तैयारियां की जा रही थीं। बागपत एसपी और एएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। एडीजी ने बताया कि शिवरात्रि के जलाभिषेक को लेकर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मंदिर और कांवड़ यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। प्रशासन का प्रयास है कि लाखों की संख्या में पहुंच रहे शिवभक्तों को जलाभिषेक के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
Source link
पुरा महादेव में लाखों भक्तों ने किया जलाभिषेक:बागपत में एडीजी ने जांची सुरक्षा, पुलिसकर्मियों को दिए दिशा-निर्देश
