Headlines

पुरैना पंचायत के वार्ड संख्या-13 में सड़क खराब:जलजमाव और कीचड़ की समस्या, ग्रामीणों ने रोड पर धान की रोपनी कर विरोध जताया




बेतिया के योगापट्टी प्रखंड की बगही पुरैना पंचायत के वार्ड संख्या 13 में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को अलग तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। भीमल डोम के घर से बली चौधरी के घर तक जाने वाली सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की गंभीर समस्या के कारण ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपनी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क अनुसूचित जनजाति की करीब पांच सौ से अधिक आबादी को जोड़ती है। सड़क निर्माण के लिए पंचायत की मुखिया उषा देवी से लेकर सरकारी सहयोग शिविरों तक कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा से नाराज होकर ग्रामीणों ने यह कदम उठाया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग कीचड़ में फिसलकर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की है। स्थानीय ग्रामीण मनैजर साह, सुदामा गोंड, मदन साह गोंड, मनोज गोंड, शंभू यादव, कामता गोंड और कमलेश गोंड सहित अन्य लोगों ने बताया कि यह सड़क वर्षों से जर्जर स्थिति में है। बारिश होते ही सड़क तालाब में बदल जाती है। कई बार आवेदन देने और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए मजबूर होकर सड़क पर धान की रोपनी की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कराकर स्थानीय लोगों को राहत प्रदान करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *