![]()
झाबुआ जिले के रूपगढ़ में माही नहर की पुलिया पर सोमवार देर शाम भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक अन्य युवक गंभीर घायल है। मंगलवार सुबह दोनों के शवों को निकालकर पीएम के लिए लेकर गए। पुलिया से बाइक समेत 20 फीट नीचे गिरे तीनों युवक सोमवार को बाइक से प्रसिद्ध नंदर माता मंदिर में दर्शन करने गए थे और वहां से वापस अपने घर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान झाबुआ क्षेत्र के खेरियापाड़ा निवासी विदेश पिता देवचंद गुंडिया और अरुण पिता सेतु भाभर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि तीनों युवक सोमवार दोपहर को घर से निकले थे। देर रात पुलिया की ऊंचाई करीब 20 फीट होने के कारण तीनों युवक बाइक समेत सीधे नीचे जा गिरे, जिसके चलते रात के अंधेरे में मुख्य सड़क से गुजरने वाले किसी भी राहगीर की नजर उन पर नहीं पड़ी और वे रात भर वहीं पड़े रहे। रात भर तलाशते रहे परिजन जब तीनों युवक देर रात तक अपने घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और वे रात में ही उनकी तलाश में निकल पड़े। मंगलवार सुबह ढूंढते-ढूंढते जब परिजन माही नहर पुलिया के पास पहुंचे, तो वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। परिजनों ने जब भीड़ के बीच जाकर देखा तो नीचे तीनों युवक और उनकी बाइक पड़ी हुई थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और रेस्क्यू कर तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दो युवकों की सांसें थम चुकी थीं। घायल की हालत नाजुक, झाबुआ रेफर इस हादसे में गंभीर घायल तीसरे युवक विष्णु पिता शांतिलाल गुंडिया को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद विष्णु की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए झाबुआ जिला अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। दोनों युवक शादीशुदा थे मृतक विदेश के चाचा रमेश गुंडिया ने बताया कि हादसे की आधिकारिक सूचना मंगलवार सुबह मिली। मृतक विदेश अपने पीछे दो बेटियां और अरुण एक छोटे बेटे को छोड़ गया है। दोनों युवक शादीशुदा थे और अपने घरों के कमाऊ सदस्य थे, जिससे दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पेटलावद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पेटलावद अस्पताल भिजवाया है और हादसे के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे खेरियापाड़ा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
Source link
पुलिया से बाइक समेत 20 फीट नीचे गिरे 3 युवक:दो की मौके पर मौत, एक गंभीर; झाबुआ में नंदर माता के दर्शन कर लौट रहे थे
