![]()
इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में काम करने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात करीब 2:30 बजे की है। होटल के अन्य कर्मचारियों ने युवक को कमरे में फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। कस्टमर बुलाते रहे, रिसेप्शन पर नहीं आया लसूडिया पुलिस के अनुसार घटना खालसा चौक स्थित ड्रीम पैलेस होटल की है। मृतक की पहचान सोनू पुत्र सरदार बंजारा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सिवनी जिले का रहने वाला था। होटल कर्मचारियों ने बताया कि देर रात कुछ ग्राहक होटल पहुंचे और काफी देर तक रिसेप्शन पर आवाज लगाते रहे, लेकिन सोनू बाहर नहीं आया। इसके बाद दूसरा कर्मचारी उसे तलाशते हुए स्टाफ के कमरे तक पहुंचा, जहां वह फंदे पर लटका मिला। सीसीटीवी में मोबाइल पर बात करते दिखा घटना के बाद होटल के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। इनमें सोनू मोबाइल पर बात करते हुए अपने कमरे की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद वह बाहर नहीं निकला। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। एक महीने पहले ही होटल में मिला था काम होटल प्रबंधन के अनुसार सोनू करीब एक महीने पहले काम की तलाश में होटल पहुंचा था। नियुक्ति के दौरान उसका आधार कार्ड लिया गया था, लेकिन इससे पहले वह कहां काम करता था, इसकी जानकारी होटल स्टाफ को नहीं है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मल्हारगंज में युवक की संदिग्ध मौत उधर, मल्हारगंज थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर निवासी सनोज पुत्र रामदास की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे मृत अवस्था में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Source link
इंदौर में होटल कर्मचारी ने फांसी लगाकर दी जान:रात में मोबाइल पर बात करते हुए कमरे में गया था, देर रात स्टाफ ने फंदे पर लटका देखा
