![]()
प्रतापगढ़ के सांगीपुर में एक घर में अजगर घुसने से हड़कंप मच गया। श्यामपति चंद्रशेखर मिश्र डिग्री कॉलेज के पास स्थित प्रबंधक अजीत मिश्रा के आवास पर रात के समय यह घटना हुई, जिससे परिवार और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। अजगर को देखकर लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद अजीत मिश्रा ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, जिसमें अंगद तिवारी और अन्य कर्मचारी शामिल थे, मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ ले गई और उसे बाद में एक सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया। बताया गया कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी वजह से सांप और अन्य जंगली जीव सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों और घरों की ओर आ रहे हैं। वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने घरों में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था रखें, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सुरक्षित रखें, तथा रात के समय बाहर निकलते समय सतर्क रहें। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि किसी भी प्रकार के जहरीले सांप या अन्य जंगली जीव के दिखाई देने पर उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास न करें। इसके बजाय, तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से कार्रवाई कर सके।
Source link
प्रतापगढ़ में कॉलेज प्रबंधक के घर में घुसा अजगर, VIDEO:वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा, वन विभाग ने दी चेतावनी
