![]()
प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के अमरगढ़ कोट में रविवार रात करीब आठ बजे एक राजमहलनुमा मकान में महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) पट्टी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। घर में अकेली थीं महिला, तीन बदमाशों ने बंधक बनाया अमरगढ़ कोट निवासी चंदा देवी सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पति सुरेश सिंह बाहर रहते हैं और घटना के समय वह घर में अकेली थीं। उनके अनुसार, रविवार रात वह घर के मुख्य दरवाजे पर बैठी थीं, तभी तीन अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया और घर के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शुरू की जांच, कई टीमें गठित घटना की सूचना मिलने के बाद रात करीब 10 बजे सीओ पट्टी प्रदीप सिंह और आसपुर देवसरा थाना प्रभारी राकेश चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि महिला ने लूट की घटना की सूचना दी है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द घटना के खुलासे का दावा कर रही है।
Source link
प्रतापगढ़ में महिला को बंधक बनाकर लाखों की लूट:जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश, सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ
