![]()
अंबिकापुर के प्राइवेट हॉस्पिटल के प्रबंधक ने हॉस्पिटल के अकाउंट से 65 लाख रुपए की गड़बड़ी का आरोप लगाया है। प्रबंधक ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। मामले में एफआईआर नहीं होने पर शिकायत सरगुजा आईजी और एसएसपी से की गई है। हॉस्पिटल के संचालकों ने दोनों पर धमकाने का भी आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक, चोपड़ापारा स्थित डीएचटी केयर हॉस्पिटल के प्रबंधक स्तानिस्लास टोप्पो ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के बैंक खाते से उनकी जानकारी, सहमति और अनुमति के बिना करीब 65 लाख रुपए निकाल लिए गए। शिकायत में सुशील कुमार राय और नवीन द्विवेदी पर इस गड़बड़ी में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। अस्पताल संचालक डॉक्टर दंपती का कहना है कि दोनों को अस्पताल के बैंक खाते से पैसे निकालने या किसी तरह का लेन-देन करने की अनुमति नहीं थी। संचालक दंपती ने यह भी आरोप लगाया है कि दोनों ने उन्हें धमकी भी दी। बैंक रिकॉर्ड और CCTV फुटेज के जांच की मांग शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से बैंक स्टेटमेंट, लेन-देन की जानकारी, पैसे निकालने से जुड़े रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, KYC दस्तावेज और मोबाइल व बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच करने को कहा है। उनका कहना है कि इन सभी रिकॉर्ड की जांच से यह पता चल सकेगा कि खाते से पैसे कैसे, किसने और किन परिस्थितियों में निकाले। शिकायत में आशंका जताई गई है कि अस्पताल के पैसे दूसरे बैंक खातों में जमा या ट्रांसफर किए गए हैं। इसी वजह से शिकायतकर्ता ने सुशील कुमार राय और नवीन द्विवेदी के बैंक खातों के साथ अस्पताल से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बैंक खाते का स्टेटमेंट और लेन-देन से जुड़े उपलब्ध दस्तावेज भी सौंपे हैं। चिकित्सक दंपती ने लगाया धमकाने का आरोप सरगुजा आईजी को दी गई शिकायत में अस्पताल संचालक की पत्नी दीपिका टोप्पो ने बताया कि करीब दो साल पहले सुशील कुमार राय उनसे मिला था। उसने खुद को फार्मासिस्ट बताया और अस्पताल में दवाई की दुकान चलाने के लिए कॉन्ट्रैक्ट किया था। दीपिका टोप्पो का आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल के करीब 65 लाख रुपए का गबन किया गया। दीपिका टोप्पो का आरोप है कि 3 जुलाई को गड़बड़ी को लेकर सुशील कुमार राय से पूछताछ की गई, तो उसने बदसलूकी की। इसके बाद सुशील कुमार राय और नवीन द्विवेदी ने उन्हें धमकी दी और कहा कि अगर हॉस्पिटल चलाना है तो हर महीने 5 लाख रुपए देने होंगे। डॉ. दीपिका टोप्पो ने नवीन द्विवेदी पर हॉस्पिटल का पदाधिकारी बनकर वसूली करने का भी आरोप लगाया है। वहीं, मामले में कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि शिकायत का आवेदन मिला है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
प्राइवेट हॉस्पिटल के खाते से 65 लाख निकालने का आरोप:डॉक्टर दंपती ने कहा- गड़बड़ी पूछने पर धमकाया, FIR के लिए IG-SSP से की शिकायत
