Headlines

फतेहाबाद में बस और क्रूजर की आमने-सामने टक्कर:54 यात्रियों की जान बाल-बाल बची, दोनों ड्राइवरों में हुई बहस




फतेहाबाद जिले में रतिया के बुढलाडा-टोहाना बाइपास पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। वार्ड नंबर-3 के पास स्थित एक अंधे मोड़ पर हरियाणा रोडवेज की बस और एक क्रूजर गाड़ी की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जबकि क्रूजर गाड़ी में लगभग 14 लोग मौजूद थे। गनीमत रही कि टक्कर के बावजूद कोई गंभीर चोट या हताहत नहीं हुआ। यह घटना उस समय हुई जब हरियाणा रोडवेज की बस रतिया से टोहाना की ओर जा रही थी। इसी दौरान टोहाना की दिशा से बुढलाडा की ओर आ रही क्रूजर गाड़ी से बाइपास के अंधे मोड़ पर उसकी सीधी टक्कर हो गई। बस ड्राइवर की सूझबूझ से टला हादसा टक्कर के बाद बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित किया। यदि ड्राइवर समय रहते बस को संभाल नहीं पाता, तो बस सड़क से नीचे धान के खेतों में जा सकती थी, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद दोनों वाहनों के ड्राइवरों के बीच किसी बात को लेकर बहस भी हो गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने हस्तक्षेप कर दोनों को शांत करवाया। टक्कर के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। अंधा मोड़ बना हादसों का कारण स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड नंबर-3 के पास बना यह मोड़ बेहद खतरनाक है। सड़क के आड़ी-तिरछी होने और एक तरफ मकान बने होने के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इसके अलावा सड़क के दूसरी तरफ गहरी खाई होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है। पहले भी हो चुके हैं कई हादसे स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। आए दिन सामने से आने वाले वाहनों के बीच टकराव की स्थिति बनती रहती है। लोगों ने संबंधित विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा इंतजाम की मांग स्थानीय निवासियों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि खतरनाक मोड़ पर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं तथा पर्याप्त चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि वाहन ड्राइवरों को मोड़ से पहले गति कम करने के लिए सचेत किया जा सके और भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *