Headlines

फतेहाबाद में रिटायर्ड पुलिसकर्मियों ने DGP को भेजा मांगपत्र:समान काम के लिए समान वेतन, स्वास्थ्य सुविधाएं और समयबद्ध प्रमोशन की मांग




फतेहाबाद में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने ऑन-ड्यूटी पुलिस कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं को लेकर एसपी के माध्यम से पुलिस महानिदेशक (DGP), हरियाणा को एक ज्ञापन भेजा। एसोसिएशन के जिला प्रधान रणधीर सिंह डबास ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिसकर्मियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन के प्रधान रणधीर सिंह डबास ने बताया कि ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी दिन-रात 24 घंटे कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं। चाहे वीआईपी सुरक्षा हो या फिर कोई जन-आंदोलन, पुलिस जवान पूरी निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान भी महिला व पुरुष जवानों को बेहद विपरीत और कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी देनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि ऑन-ड्यूटी कर्मचारियों की कई गंभीर और व्यावहारिक समस्याएं हैं, जिनका समाधान किया जाना बेहद जरूरी है। ये हैं प्रमुख मांगें… समयबद्ध और पारदर्शी पदोन्नति: पात्र एवं योग्य कर्मचारियों व निरीक्षकों को डीएसपी व अन्य रिक्त पदों पर समय पर पदोन्नत किया जाए, ताकि कोई भी योग्य कर्मचारी बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त न हो। छुट्टियों की समस्या: ऑन-ड्यूटी जवानों को आकस्मिक व अर्जित अवकाश (Casual Earned Leave) समय पर दिए जाएं। सेवानिवृत्ति के करीब (अंतिम 6 महीनों में) जवानों को पूरी छुट्टियां नहीं मिल पातीं, जिससे उन्हें परेशानी होती है। वेतन विसंगति दूर करना: विशेषकर पुलिस विभाग में कार्यरत SPO और होमगार्ड/अन्य सहयोगी कर्मचारियों के वेतन में अंतर को समाप्त किया जाए। जहा एक को लगभग 20 हजार और दूसरे को 24 हजार रुपए मिलते हैं, उन्हें समान काम के लिए समान वेतन (₹24,000) दिया जाए और समय-समय पर वेतन में बढ़ोतरी की जाए। स्वास्थ्य और वेलफेयर सुविधाएं: लगातार 24 घंटे काम करने के कारण पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अधिकारियों को जवानों की पारिवारिक व स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए और उन्हें उचित चिकित्सकीय व अवकाश सुविधाएं मिलनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *