![]()
हरियाणा के फतेहाबाद में होटल में शराब पार्टी कर रहे 6 दोस्तों में झगड़ा हो गया, जिसमें एक जेबीटी टीचर की मौत हो गई। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि पहले सभी रूम में बैठकर शराब पीते है, फिर अचानक किसी बात पर हाथापाई हो जाती है। इसी हाथापाई में जेबीटी टीचर अचानक बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ते हैं। उन्हें संभालने की बजाय बाकी दोस्त आपस में झगड़ा करते रहते है। जब काफी देर तक टीचर नहीं उठते तो एक साथी उन्हें हिला डुलाकर देखता है तो कोई हरकत नहीं होती। इसके बाद होटल कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंचती है। टीचर को उठाकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव खैरी निवासी प्रहलाद सिंह (48 ) के रूप में हुई है। वर्तमान में वे शहर की न्यू विकास कॉलोनी में रह रहे थे और गांव काताखेड़ी के सरकारी स्कूल में जेबीटी टीचर थे। उनके दो बेटे है, जो कनाडा में पढ़ाई कर रहे है। उनकी पत्नी ने पांचों दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। कहना है कि इन सभी ने मिलकर उसके पति की हत्या की। होटल के कमरे में शराब पार्टी की PHOTO… वीडियो में क्या दिखाई दे रहा, जानिए पूरा मामला… यह वीडियो पांच मिनट चार सेकेंड का है, जो फतेहाबाद के सिरसा रोड स्थित मेजबान होटल के कमरे का है। वाीडियो की शुरुआत में कमरे में एक टेबल के आसपास 6 लोग बैठे दिखते हैं। इनमें ब्लैक टीशर्ट और जींस पहने प्रहलाद सिंह है, जो काले रंग का चश्मा भी लगाए हुए है। टेबल पर प्लेटें, गिलास, शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान रखा है। आसपास नीले रंग के सोफे और कुर्सियां हैं। कमरे के एक हिस्से में दूसरी खाली टेबल और शराब की 6 खाली बोतलें भी दिखाई देती है। शुरुआती करीब 40-45 सेकंड तक लोग टेबल पर बैठे बातचीत और खाने-पीने में व्यस्त दिखाई देते हैं। इसके बाद प्रहलाद सिंह के सामने बैठे दो लोग अपनी जगह से उठते हैं और टेबल के आसपास खड़े होकर आपस में बहस करने लगते हैं। करीब 1 मिनट के बाद पांचों एक जगह इकट्ठा हो जाते हैं और बहस के साथ माहौल तनावपूर्ण हो जाता है। करीब 2 मिनट के आसपास स्थिति ज्यादा आक्रामक हो जाती है। ये लोग एक-दूसरे को पकड़ते और धक्का-मुक्की करना शुरू कर देते हैं। बीच बचाव में प्रहलाद सिंह भी आ जाते है, तो उनके साथ भी हाथापाई होती है। दो लोग एक-दूसरे को पकड़कर पीछे की ओर ले जाते हैं, जबकि बाकी चार लोग बीच-बचाव करने की कोशिश भी करते नजर आते हैं। करीब 3 से 4 मिनट के बीच झड़प कमरे के दूसरे हिस्से और सोफों के पास तक पहुंच जाती है। इस दौरान प्रहलाद सिंह अचानक नीचे गिर जाते है, जबकि अन्य लोग झगड़ते रहते हैं। करीब दो मिनट तक झगड़ने के बाद बाद एक शख्स फर्श पर बेसुध पड़े प्रहलाद हो हिलाने डुलाने की कोशिश करता है, लेकिन कोई हरकत नहीं होती। इसके बाद झगड़ा बंद हो जाता है और सभी के होश उड़ जाते है। पत्नी का आरोप- गाली गलौज कर मारपीट की पत्नी सुनीता ने पुलिस को बताया कि उनके पति प्रहलाद सिंह सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ सिरसा रोड स्थित निजी होटल में पार्टी करने गए थे। आरोप है कि पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद प्रहलाद के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि झगड़े के बाद प्रहलाद अचानक नीचे गिर गए और बेहोश हो गए। इसके बाद भी उनके दोस्त उन्हें संभालने की बजाय आपस में झगड़ते रहे। इन लोगों के झगड़े में ही मेरे पति की मौत हुई है। ये हत्या है। पुलिस ने पांचों दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक प्रहलाद सिंह की पत्नी सुनीता की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ इन पर मारपीट सहित गैर इरादतन हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों में काठमंडी निवासी सत्यप्रिय, गांव झलनियां निवासी अमित भादू, भिवानी के ढाणी माउ निवासी अनिल, हिसार के गांव चबरवाल निवासी कुशल और पंजाब के गांव सरदारपुरा निवासी निखिल शामिल है। उन्होंने बताया कि इस सभी में किस बात को विवाद हुआ था, पुलिस इसका पता कर रही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार प्रहलाद के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
Source link
फतेहाबाद होटल में शराब पार्टी में सरकारी टीचर की मौत:VIDEO में दोस्तों संग झगड़ते दिखे, बेसुध होकर गिरे, फिर नहीं उठे; पत्नी बोलीं- ये हत्या
