Headlines

फरीदकोट में BSF जवान का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार:भारत और बंग्लादेश सीमा पर आकाशीय बिजली गिरने से हुए थे शहीद




पश्चिम बंगाल में भारत-बंग्लादेश सीमा पर सिलीगुड़ी के पास ड्यूटी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से शहीद हुए बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह (57) का बुधवार को फरीदकोट जिले में कोटकपूरा के शांति वन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जब उनका पार्थिव शरीर बठिंडा रोड स्थित ढिल्लों कालोनी में उनके घर पहुंचा तो परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह पिछले करीब 37 वर्षों से बीएसएफ में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह मूल रूप से पंजाब के मोगा जिले के गांव ठट्ठी भाई के रहने वाले थे और इन दिनों उनका परिवार कोटकपूरा में रहता है। दो दिन पहले वह सिलीगुड़ी में सीमा चौकी पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और आकाशीय बिजली गिरने से वह शहीद हो गए। सलामी के साथ अंतिम संस्कार कोटकपूरा के शांति वन में हुए अंतिम संस्कार के दौरान बीएसएफ की टुकड़ी ने हथियार उल्टे कर उन्हें सलामी दी और पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां सहित क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी शहादत से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। इस मौके पर बीएसएफ के फरीदकोट हेडक्वार्टर के कमांडेंट अभिताभ वाजपेयी ने कहा कि सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया है। देश के प्रति उनकी निष्ठा और कुर्बानी को हमेशा याद रखा जाएगा। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि पंजाब सरकार की नीति के अनुसार शहीद के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *