![]()
फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा विरोधी अभियान के तहत 522 ग्राम हेरोइन समेत एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तरनतारन जिले के गांव राजोके निवासी मोहनबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर एसआई हाकम सिंह के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ की टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम बठिंडा-अमृतसर नेशनल हाईवे पर गांव कलेर के बस अड्डे के पास पहुंची। वहां शेड के पास एक मोटरसाइकिल खड़ा था और शेड के नीचे बेंच पर एक व्यक्ति बैठा हुआ था। आरोपी ने पुलिस को देख भागने का किया प्रयास पुलिस टीम को देखकर उक्त व्यक्ति मोटरसाइकिल स्टार्ट कर वहां से भागने का प्रयास करने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर लिया। उसके पास नशीला पदार्थ होने के संदेह में डीएसपी अवतार सिंह राजपाल को मौके पर बुलाया गया। डीएसपी की निगरानी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 522 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर उसके बैकवर्ड और फारवर्ड लिंक का पता लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फरीदकोट में CIA स्टाफ ने नशा तस्कर दबोचा:522 ग्राम हेरोइन बरामद, पुलिस को देखकर भागने की कर रहा था कोशिश
