![]()
फाजिल्का जिले के गांव डबवाला कलां में नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। गांव के सरपंच अविनाश चंद्र के नेतृत्व में करीब 200 ग्रामीणों और युवाओं ने देर रात कथित नशा तस्करों के खिलाफ जागरूकता और चेतावनी अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीण गांव के विभिन्न घरों तक पहुंचे और नशा बेचने के आरोपों का सामना कर रहे लोगों को स्पष्ट संदेश दिया कि गांव में अब किसी भी कीमत पर नशे का कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा। इस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सरपंच अविनाश चंद्र और बड़ी संख्या में ग्रामीण एक व्यक्ति के घर पहुंचकर उसकी मां से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। सरपंच ने महिला से कहा कि गांव में युवाओं को नशे की ओर धकेलने वालों के खिलाफ अब पूरा गांव एकजुट हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास संबंधित गतिविधियों से जुड़े वीडियो भी मौजूद हैं। सरपंच बोले- युवाओं ने गांव को नशा मुक्त बनाने का लिया है संकल्प सरपंच ने कहा कि गांव के करीब 200 युवाओं और ग्रामीणों ने संकल्प लिया है कि वे अपने गांव को नशा मुक्त बनाएंगे और बच्चों तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त में नहीं आने देंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी को डराना नहीं, बल्कि चेतावनी देकर सुधार का अवसर देना है। वहीं, आरोपी बताए जा रहे युवक की मां ने ग्रामीणों से अपने बेटे को एक मौका देने की अपील की। उसने भरोसा दिलाया कि वह उसे सुधारने का प्रयास करेगी। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Source link
फाजिल्का में नशा तस्करों के घर पहुंचा पूरा गांव:सरपंच की चेतावनी- बच्चे नहीं मरने देंगे, तस्कर की मां बोली- एक मौका दो
